August EV Sales Report: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की मांग में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। देश के इलेक्ट्रिक कार बाजार में इन दिनों टाटा मोटर्स इलेक्ट्रिक व्हीकल बेचने में बेहद आगे चल रही है, लेकिन अब महिंद्रा की एक इलेक्ट्रिक एसयूवी ने टाटा मोटर्स को पीछे छोड़ दिया है। बता दें महिंद्रा की प्रीमियम 7 सीटर इलेक्ट्रिक एसयूवी XEV 9S ने टाटा की लोकप्रिय बजट कार पंच ईवी को पीछे छोड़ते हुए देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार का खिताब अपने नाम कर लिया है।
XEV 9S निकली आगे
ताजा आंकड़ों के अनुसार, अगस्त महीने में महिंद्रा ने अपनी XEV 9S की कुल 4508 यूनिट्स डीलरों को डिस्पैच की। वहीं टाटा पंच ईवी 4430 यूनिट्स कि बिक्री के साथ दूसरे स्थान पर रही। दोनों कारों की बिक्री में केवल 78 यूनिट्स का मामूली अंतर है। भले ही यह अंतर बहुत छोटा हो लेकिन बजट सेगमेंट की ईवी को पीछे छोड़कर एक प्रीमियम 7-सीटर इलेक्ट्रिक एसयूवी का नंबर-1 बनना दिखाता है कि भारतीय ग्राहकों की पसंद अब तेजी से बदल रही है।
XEV 9S की खासियत
बता दें कि जनवरी से ही महिंद्रा XEV 9S की डिमांड में लगातार उछाल देखा जा रहा है। जुलाई की तुलना में अगस्त में इसकी बिक्री में 9.1% की बढ़त दर्ज की गई। कंपनी इस लग्जरी 7-सीटर ईवी को 59kWh, 70kWh और 79kWh के तीन अलग-अलग बैटरी पैक विकल्पों में पेश करती है। सिंगल चार्ज पर यह 521 किमी से लेकर 679 किमी तक की रेंज देती है। इस एसयूवी की एक्स शोरूम कीमत 20.65 लाख रुपये है। यह एसयूवी अपने बड़े केबिन, ट्रिपल स्क्रीन डैशबोर्ड सेटअप और दमदार परफॉर्मेंस के कारण ग्राहकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रही है।
टाटा पंच ईवी का शानदार प्रदर्शन
टाटा पंच ईवी से नंबर-1 का ताज छिन जाने के बावजूद इसका प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। इसकी शुरुआती एक्स शोरूम कीमत 9.79 लाख रुपये है। पंच ईवी ने अगस्त में 4,430 यूनिट्स बेचीं, जो पिछले साल अगस्त के मुकाबले तीन गुना से भी ज्यादा है।
यह भी पढ़ें: Mahindra New Launch: महिंद्रा ने लॉन्च की नई 'Thar OG', नए लुक और दमदार फीचर्स से लैस; जानें कीमत
बाजार में टाटा का दबदबा
भले ही मॉडल वाइज बिक्री में महिंद्रा XEV 9S पहले नंबर पर रही हो, लेकिन कुल बिक्री के मामले में टाटा मोटर्स भी भी सबसे आगे हैं। देश की टॉप 10 सबसे ज्यादा बिकने वाली ईवी कारों में टाटा के अकेले 5 मॉडल शामिल है। तीसरे स्थान पर 3,975 यूनिट्स के साथ नेक्सॉन ईवी रही। इसके अलावा हैरियर ईवी (2,103 यूनिट्स), हाल ही में लॉन्च हुई सिएरा ईवी (1,930 यूनिट्स) और टियागो ईवी (1,730 यूनिट्स) ने मिलकर अगस्त महीने में अकेले टाटा मोटर्स को 14,168 यूनिट्स का बड़ा आंकड़ा दिलाया।
ईवी मार्केट में बढ़ा मुकाबला
अगस्त महीने में देश के अंदर कुल 36,593 इलेक्ट्रिक कारों की थोक बिक्री हुई। जो बीते साल की समान अवधि के मुकाबले 85% अधिक है।