मध्यप्रदेश के मैहर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। जिस तालाब ने एक साल पहले एक परिवार के बेटे की जिंदगी छीन ली थी, उसी तालाब ने उसकी बरसी के दिन फिर वही कहर बरपाया और इस बार दो चचेरी बहनों की जान चली गई। एक ही परिवार में बार-बार हो रहे हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
तालाब पर बरसी के दिन हुआ दर्दनाक हादसा
यह घटना मैहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित पटेहरा तालाब की है, जहां शनिवार को चौधरी परिवार में बरसी का कार्यक्रम चल रहा था। घर में पूजा-पाठ और रस्मों के बीच कुछ महिलाएं और बच्चे दाल धोने और नहाने के लिए तालाब पर गए थे। इसी दौरान अचानक एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई।
बचाने की कोशिश में बढ़ी मुश्किलें
बच्ची को डूबता देख अन्य परिजन और साथ गई बच्चियां उसे बचाने के लिए पानी में कूद गईं। लेकिन गहराई और तेज पानी के बहाव के कारण स्थिति और बिगड़ गई। देखते ही देखते चार बच्चियां पानी में संघर्ष करने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर चारों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
दो बहनों की मौत, दो की हालत गंभीर
इस हादसे में पूनम चौधरी (10) और आंचल चौधरी (20) की मौत हो गई। दोनों चचेरी बहनें थीं। वहीं शालू चौधरी (21) और अभिषेक चौधरी (11) को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल मैहर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
एक साल पहले भी इसी तालाब ने छीनी थी जान
परिवार के लिए यह हादसा और भी दर्दनाक इसलिए हो गया क्योंकि आंचल के भाई की भी एक साल पहले इसी पटेहरा तालाब में डूबने से मौत हुई थी। शनिवार को उसी की बरसी मनाई जा रही थी, और उसी दिन फिर यह त्रासदी हो गई।
प्रशासन मौके पर पहुंचा, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।