Bulandshahr News: खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी और 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश जीतू सैनी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। यह मुठभेड़ खुर्जा के ढाकर रोड स्थित सिकंदरपुर के पास हुई, जहां पुलिस और बदमाश के बीच कई राउंड फायरिंग हुई।
पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस ने आरोपी को घेरने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी जीतू सैनी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें जीतू सैनी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ये चीजें हुई बरामद
मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम प्रभारी इंस्पेक्टर मौ. असलम और हेड कांस्टेबल मोहित मलिक भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने मौके से आरोपी के कब्जे से दो पिस्टल, एक तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था
गौरतलब है कि 26 अप्रैल को खुर्जा के सुभाष रोड स्थित एक जिम में जन्मदिन पार्टी के दौरान केक लगाने को लेकर हुए विवाद में तिहरा हत्याकांड हुआ था। मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया था, जिसमें तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही मुख्य आरोपी जीतू सैनी फरार चल रहा था और पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही
पुलिस का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है।