Air India flight fails to land: देश अभी महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे से उबर भी नहीं पाया था कि राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक और बड़ा हवाई हादसा टल गया। दिल्ली से जयपुर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1719 को लैंडिंग के दौरान तकनीकी और संतुलन संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए विमान को दोबारा हवा में उठा लिया, जिससे सभी यात्रियों की जान बच गई।
लैंडिंग में परेशानी
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 1:05 बजे विमान ने जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहली बार लैंडिंग की कोशिश की। विमान के पहिए रनवे को छू चुके थे, लेकिन संतुलन सही न होने के कारण पायलट ने तत्काल ‘गो-अराउंड’ का फैसला लिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से विमान में बैठे यात्रियों में कुछ देर के लिए घबराहट फैल गई।
10 मिनट बाद सुरक्षित लैंडिंग
पहली कोशिश के बाद विमान करीब 10 मिनट तक हवा में चक्कर लगाता रहा। इसके बाद पायलट ने दूसरी बार लैंडिंग का प्रयास किया, जो पूरी तरह सफल रहा। इस तरह पायलट की सतर्कता और अनुभव से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।
यह भी देखेंःPM Modi Expressed: अजित पवार के निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक
यात्रियों की बढ़ी चिंता
इस फ्लाइट में राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा भी मौजूद थे। उनके साथ विमान में कुल 135 यात्री सवार थे। लैंडिंग में देरी और अचानक गो-अराउंड के कारण यात्रियों की सांसें कुछ देर के लिए अटकी रहीं, हालांकि बाद में सभी ने राहत की सांस ली।
सुरक्षा का अहम हिस्सा
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक ‘गो-अराउंड’ एक मानक सुरक्षा प्रक्रिया है। जब पायलट को किसी भी कारण से लैंडिंग सुरक्षित नहीं लगती, तो वह विमान को दोबारा हवा में ले जाकर हालात सामान्य होने पर फिर से उतारता है। हालिया घटनाओं के बीच जयपुर में टला यह हादसा पायलट की सतर्कता का उदाहरण माना जा रहा है।