Noida News: रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला हुकुम सिंह गांव में बुधवार को उस वक्त दर्दनाक हादसा हो गया जब एक निर्माणाधीन मकान का लेंटर अचानक ढह गया। सेटरिंग खोलने के दौरान यह हादसा हुआ, जिसमें 5 मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही रबूपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अब तक तीन मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। तीनों घायल मजदूरों को तत्काल प्रभाव से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
दो मजदूरों की मलबे में दबे रहने की आशंका
पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, अभी भी दो अन्य मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है। जेसीबी के अलावा स्थानीय लोग भी हाथ से मलबा हटाने में जुटे हैं। घटना के कारणों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्राथमिक जांच में कमजोर सेटरिंग और जल्दबाजी में काम करने को वजह बताया जा रहा है।