Major Accident During Muharram: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में मोहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ग्राम हतनारा में ताजिया निकालते समय उसका ऊपरी हिस्सा हाई टेंशन बिजली लाइन से छू गया, जिससे करंट फैल गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।
जुलूस के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मोहर्रम का जुलूस गांव से गुजर रहा था। इसी दौरान ताजिया या उसका ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से ताजिया उठा रहे कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
तीन लोगों की मौत, कई घायल
पुलिस के अनुसार हादसे में रशीद खान, सड्डू हुसैन और अरबाज खान की मौत हो गई। वहीं नौ अन्य घायल रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रशासन ने घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
यह भी देखेंःराम मंदिर चढ़ावा मामले में बड़ा एक्शन, इन 8 लोगों के खिलाफ दर्ज हुई FIR!
लापरवाही के आरोप
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हर वर्ष मोहर्रम जुलूस के दौरान बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी जाती थी और लाइनमैन भी मौके पर मौजूद रहते थे। इस बार बिजली लाइन बंद नहीं की गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। लोगों का यह भी कहना है कि हाई टेंशन तार काफी नीचे लटके हुए हैं और लंबे समय से खतरा बने हुए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
एडिशनल एसपी विवेक कुमार लाल ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों ने गांव के बीच से गुजर रही हाई टेंशन लाइन को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग की है। इस हादसे ने धार्मिक जुलूसों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और बिजली लाइनों के रखरखाव को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।