Major Accident in Tamil Nadu: तमिलनाडु के वेल्लोर जिले में निर्माणाधीन चर्च की छत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। थिरुवलम के मंजुकृष्णपुरम में सीएसआई जायन हिल चर्च का निर्माण चल रहा था। गुरुवार शाम कंक्रीट डालने के दौरान अचानक निर्माणाधीन ढांचा भरभराकर गिर गया। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल बताए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए।
कंक्रीट डालते समय अचानक गिरा ढांचा
बताया गया कि शाम करीब 4:30 बजे चर्च की छत पर कंक्रीट डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान छत का हिस्सा अचानक नीचे आ गिरा और कई मजदूर मलबे में दब गए। थिरुवलम पुलिस और काटपाडी अग्निशमन एवं बचाव सेवा की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। राहतकर्मियों ने मलबा हटाकर मजदूरों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
तीन मजदूरों की मौत, घायलों का इलाज जारी
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बेंगलुरु के भवन निर्माण ठेकेदार जॉन (39), आंध्र प्रदेश निवासी इमैनुअल (45) और सैमुअल (45) के रूप में हुई है। इमैनुअल ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया, जबकि सैमुअल का शव मलबे से निकाला गया। चार गंभीर रूप से घायल मजदूरों को अडुक्कम्पराई के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल और वेल्लोर के सीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। करीब 10 अन्य मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं।
यह भी देखेंःBJP Major Anti Drug Campaig: पंजाब में नशे के खिलाफ बीजेपी का बड़ा अभियान, 18 सितंबर से निकलेंगी 4 यात्राएं
NDRF की टीम ने संभाला मोर्चा
मलबे में किसी और मजदूर के फंसे होने की आशंका को देखते हुए बचाव अभियान देर शाम तक जारी रहा। NDRF की 30 सदस्यीय टीम को भी मौके पर बुलाया गया। अरक्कोनम यूनिट के चार खोजी कुत्तों की मदद से मलबे में तलाश की गई। आंध्र प्रदेश की सीमा नजदीक होने के कारण वहां की पुलिस टीम ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया।
बिरयानी खाने गए मजदूरों की बची जान
सूत्रों के मुताबिक, हादसे के समय कुछ मजदूर चर्च परिसर से बाहर जाकर पास में परोसी जा रही बिरयानी खाने चले गए थे। इसी वजह से वे उस वक्त निर्माणाधीन इमारत के अंदर नहीं थे और उनकी जान बच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं। थिरुवलम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और निर्माणाधीन ढांचे के गिरने की वजह पता लगाने के लिए जांच जारी है।