Mumbai-Ahmedabad highway: महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार को मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। धाणीवरी इलाके के पास बारातियों से भरे एक टेंपो और तेज रफ्तार कंटेनर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि करीब 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कैसे हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, बारातियों से भरा टेंपो दहानू के बापू गांव से धाणीवरी में एक शादी समारोह में जा रहा था। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हाईवे पर अचानक सामने से आ रहा कंटेनर अनियंत्रित हो गया और टेंपो पर पलट गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
राहत और बचाव कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस, एंबुलेंस और राहत दल घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को तुरंत कासा उपजिला अस्पताल और आसपास के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
यह भी देखेंःHeat wave in UP and Rajasthan: उत्तर भारत में गर्मी का कहर जारी, यूपी-राजस्थान में लू का ऑरेंज अलर्ट
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान भी किया है। प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं।
मृतकों की हुई पहचान
प्रशासन ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान शुरू कर दी है। मृतकों में कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कंटेनर अचानक कैसे अनियंत्रित हुआ।