
आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने मुजाहिदीन आर्मी बनाकर लोकतान्त्रिक व्यवस्था को हटाकर शरीयत व्यवस्था कायम करने का मंसूबा रखने वाले चार लोगो को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये लोगो के पास से पांच मोबाइल फोन व आधार कार्ड, पैनकार्ड, एटीएम डेबिट कार्ड व क्रेडिट कार्ड, फोन पे स्कैनर बरामद हुए है। एडीजी क़ानून व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि यूपी एटीएस को जानकारी मिली थी कि यूपी के विभिन्न जिलों के रहने वाले कुछ लोग कट्टरपंथी पाकिस्तानी संगठनों से प्रभावित होकर भारत में हिंसात्मक जिहाद के माध्यम से चुनी गई लोकतान्त्रिक सरकार को गिराकर औऱ हथियारों के बल पर शरिया कानून लागू करने की योजना बना रहे हैं।
उन्होंने बताया कि एटीएस को मिली जानकारी के मुताबिक ये लोग मीटिंग कर रहे हैं और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को उकसा रहे हैं और धन एकत्र कर रहे हैं।
ये हैं आरोपी
यूपी एटीएस ने सोमवार को धारा-148/152 बीएनएस थाना में मुकदमा दर्ज किया। एडीजी के मुताबिक आरोपियों में अकमल रजा पुत्र मो० शराफत अली, निवासी सुल्तानपुर व सफील सलमानी उर्फ अली रजवी पुत्र मीर मोहम्मद, निवासी रॉबर्ट्सगंज सोनभद्र व मो० तौसीफ पुत्र इसरार अहमद, निवासी-63ए, सुजातगंज, नई बस्ती, घाटमपुर, कानपुर व कासिम अली पुत्र बब्बू शाह, निवासी-सराय कदीम, थाना-खजुरिया, रामपुर शामिल हैं। इन सभी को हिंसात्मक जिहाद के जरिये लोकतान्त्रिक सरकार को हटाने, शरिया लागू करने, हथियार खरीदने व मुजाहिद्दीन आर्मी बनाने की बाबत गिरफ्तार किया गया।
जंग-ए-जिहाद की बना रहे थे योजना -अमिताभ
एडीजी क़ानून व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि पकड़े गये आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि ये लोग जंग-ए-जिहाद करने और शरिया कानून लागू करने की योजना बना रहे थे। इसके लिए ये लोग समान मानसिकता वाले लोगो को रेडिकलाइस्ड करके जोड़ रहे थे।
रिमांड पर लेगी पुलिस
उन्होंने बताया कि पकड़े गये आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की कार्रवाई हो रही है। इनके अन्य साथियों और मददगारों के विषय में विस्तृत जानकारी प्राप्त जुटाई जा रही है। पुलिस कस्टडी रिमांड न्यायालय से प्राप्त करने का अनुरोध किया जाएगा।