बुलंदशहर । बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण के सचल प्रवर्तन दल ने शुक्रवार को सिकंदराबाद क्षेत्र में कार्रवाई को अभियान चलाया। इस दौरान सचल प्रवर्तन दल ने गुलावठी रोड पर चल रहे पांच दुकान एवं एक मकान के निर्माण को रोक सील कर दिया। साथ ही एसडीएम कोर्ट के सामने करीब चार बीघा भूमि में काटी जा रही अनधिकृत कालोनी को ध्वस्त कर दिया।
प्राधिकरण सचिव ज्योत्सना यादव ने बताया कि सचल प्रवर्तन दल को समय-समय पर अनधिकृत कालोनियों एवं अवैध निर्माण की सूचना मिलने पर कार्रवाई के लिए भेजा जाता है। शुक्रवार को सचल प्रवर्तन दल को सिकंदराबाद क्षेत्र में भेजा गया। इस दौरान सिकंदराबाद में गुलावठी रोड पर गांव मंडावरा में महीपाल यादव द्वारा करीब 300 वर्गमीटर में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए पांच दुकानों का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। साथ ही देवेंद्र सिंह द्वारा करीब 100 वर्ग मीटर में बिना मानचित्र स्वीकृत के मकान का निर्माण कार्य करवा रहे थे। सचल प्रवर्तन दल ने स्वीकृत मानचित्र की मांग की तो भवन स्वामी दिखा नहीं सका। सचल प्रवर्तन दल ने निर्माण कार्य को रुकवाते हुए दोनों अवैध निर्माण को सील कर नोटिस जारी किया है।
साथ ही एसडीएम कोर्ट के सामने संजय भाटी द्वारा करीब चार बीघा भूमि पर अनधिकृत कालोनी काटी जा रही थी। जिसे सचल प्रवर्तन दल ने ध्वस्त करने की कार्रवाई की। ध्वस्तीकरण एवं सीलिंग के दौरान नामित पुलिस बल, स्थानीय पुलिस बल, प्राधिकरण के सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता और अन्य स्टाफ मौजूद रहे।
प्राधिकरण उपाध्यक्ष डॉ अंकुर लाठर ने बताया कि अनधिकृत कालोनी एवं बिना मानचित्र स्वीकृत के निर्माण कार्य मिलने पर कार्रवाई जारी रहेगी। शुक्रवार को सिकंदराबाद क्षेत्र में दो अवैध निर्माण को सील एवं एक अनधिकृत कालोनी को ध्वस्त करवाने की कार्रवाई सचल प्रवर्तन दल द्वारा कराई गई। लोगों से अपील है कि अनधिकृत कालोनी में प्लॉट न खरीदे एवं बिना मानचित्र स्वीकृत कराएं निर्माण कार्य न करे