NIA-BSF-ITBP get new chiefs: केंद्र सरकार ने देश की प्रमुख सुरक्षा एजेंसियों में शीर्ष स्तर पर अहम नियुक्तियों को मंजूरी दे दी है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने गृह मंत्रालय के प्रस्तावों पर मुहर लगाते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी , सीमा सुरक्षा बल और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के लिए नए महानिदेशकों की नियुक्ति का फैसला किया है। ये नियुक्तियां देश की आंतरिक और सीमा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही हैं।
एनआईए को मिला नया महानिदेशक
कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने हिमाचल प्रदेश कैडर के 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी राकेश अग्रवाल को राष्ट्रीय जांच एजेंसी का नया महानिदेशक नियुक्त करने की मंजूरी दी है। वर्तमान में वे एनआईए में विशेष महानिदेशक के पद पर कार्यरत थे। उनकी नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होगी और वे 31 अगस्त 2028 तक या अगले आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे। यह पद पे मैट्रिक्स के लेवल-16 के अंतर्गत आता है।
बीएसएफ की कमान प्रवीण कुमार को
सरकार ने पश्चिम बंगाल कैडर के 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रवीण कुमार को सीमा सुरक्षा बल का महानिदेशक नियुक्त किया है। वे अभी तक आईटीबीपी के महानिदेशक के रूप में कार्यरत थे। बीएसएफ प्रमुख के रूप में उनका कार्यकाल पदभार संभालने की तिथि से 30 सितंबर 2030 तक या सेवानिवृत्ति तक रहेगा।
आईटीबीपी में शत्रुजीत सिंह कपूर की तैनाती
हैदराबाद कैडर के 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी शत्रुजीत सिंह कपूर को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस का नया महानिदेशक बनाया गया है। वे अभी अपने मूल कैडर में कार्यरत थे। उनकी नियुक्ति लेवल-17 के तहत की गई है और वे 31 अक्टूबर 2026 तक या आगे के आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे।
सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने की कोशिश
इन नियुक्तियों को देश की सुरक्षा एजेंसियों में नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। सरकार का मानना है कि अनुभवी अधिकारियों के नेतृत्व में आतंकवाद, सीमा सुरक्षा और आंतरिक चुनौतियों से निपटने की क्षमता और बेहतर होगी।