लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। सोमवार को लखनऊ में जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों के साथ बैठक के बाद पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार से प्रदेश में चुनाव प्रचार शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय कर जनता के बीच पार्टी की नीतियां और मुद्दे पहुंचाए जाएंगे।
अखिलेश ने प्रदेश सरकार पर विपक्षी नेताओं को बदनाम करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता से वीडियो तैयार कर प्रसारित कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे खेल न खेले, एआई के इस्तेमाल में सपा उससे पीछे नहीं है। प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संबंधित एक एआई वीडियो भी दिखाया गया।
सपा अध्यक्ष ने सरकार पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में स्कूल बंद किए जा रहे हैं। उन्होंने शिक्षक दिवस पर बंद किए गए 26 हजार विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित करने और 2027 में सरकार बनने पर उन्हें फिर खोलने का दावा किया।
उन्होंने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे में गड्ढों और निर्माण संबंधी खामियों का मुद्दा उठाया। प्रयागराज में कुंभ से अब तक हुए खर्च और लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार बनने पर पिछले कार्यकाल के एनकाउंटर की जांच कराई जाएगी। जयंत चौधरी को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा 61 सीटें देगी, तभी उनका सम्मान होगा।