UP Job Alert: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार युवाओं के लिए नौकरियों का बड़ा पिटारा खोलने जा रही है। प्रदेश सरकार करीब 70 हजार पदों पर नई भर्तियां निकालने की तैयारी में है। जिनके विज्ञापन जल्द ही जारी किए जा सकते हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि 4 महीनों में 1 लाख से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य है।
जल्द शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया
आपको बता दें कि मुख्य सचिव एसपी गोयल खुद इस पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं। विभागों को खाली पदों का ब्योरा तुरंत भर्ती आयोगों को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार विभिन्न विभागों में लगभग 70 हजार रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगी।
परीक्षा की तारीखें जल्द
मिली जानकारी के अनुसार जिन पदों की जानकारी आयोगों को मिल चुकी है, उनके विज्ञापन और परीक्षा तिथियां जल्द घोषित की जाएंगी। वहीं, सीएम योगी ने निर्देश दिया है कि आने वाले महीनों में 1 लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया जाएं।
यह भी पढ़ें: IBPS RRB Vacancy 2026: आईबीपीएस आरआरबी में 13 से ज्यादा पदों पर निकली भर्ती; 30 हजार तक मिलेगी सैलरी, आवेदन शुरू
कर्मचारियों और संविदा कर्मियों को भी राहत
राज्य सरकार ने हाल ही में प्रदेश के 3.5 लाख कर्मचारियों के वेतन में 7 हजार रुपये की बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों ही रक्षा के लिए आउटसोर्स सेवा निगम का गठन भी किया गया है।
पारदर्शिता और मेरिट पर जोर
पिछले महीने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 3,446 प्राविधिक सहायकों और 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति-पत्र वितरित करते हुए सीएम योगी ने कहा था कि भर्तियां पूरी तरह निष्पक्ष, मेरिट के आधार पर और आरक्षण नियमों का पालन करते हुए कराई जा रही है। सरकार का दावा है कि बीते वर्षों में पारदर्शी व्यवस्थान के तहत 9.30 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी है।