NEET paper leak accused: NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में आरोपी बनाए गए RCC क्लासेस के संचालक शिवराज मोटेगावकर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुणे महानगरपालिका ने बुधवार को डेक्कन इलाके स्थित RCC क्लासेस की शाखा पर बुलडोजर कार्रवाई करते हुए कथित अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
अवैध निर्माण पर मनपा की कार्रवाई
पुणे नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी विभाग के अनुसार, संस्थान परिसर में कुछ निर्माण बिना अनुमति के किए गए थे और वे अतिक्रमण की श्रेणी में आते थे। सुबह से शुरू हुई कार्रवाई में जेसीबी मशीनों की मदद से प्रवेश द्वार के सामने बने हिस्सों और व्यावसायिक उपयोग के लिए तैयार संरचनाओं को हटाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे।
RCC क्लासेस पहले ही हो चुका था सील
जानकारी के मुताबिक, नगर प्रशासन ने पहले ही RCC क्लासेस को सील कर दिया था। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित परिसर का उपयोग तय नियमों और अनुमति के बिना किया जा रहा था। इसके बाद अतिक्रमित हिस्सों को हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई की गई। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब मामले की जांच कर रही सीबीआई लगातार नए खुलासे कर रही है।
यह भी देखेंःFake Telegram Channels: NEET री-एग्जाम पर सरकार का बड़ा एक्शन, फर्जी टेलीग्राम चैनलों पर चलेगा शिकंजा
गिरफ्तारी के बाद बढ़ा विरोध
सीबीआई द्वारा शिवराज मोटेगावकर की गिरफ्तारी के बाद राज्यभर में RCC क्लासेस के खिलाफ नाराजगी बढ़ गई है। कई छात्र संगठनों और राजनीतिक दलों ने विरोध प्रदर्शन किए हैं। कुछ जगहों पर RCC क्लासेस के बोर्ड और होर्डिंग्स को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं भी सामने आई हैं। छात्रों और अभिभावकों में परीक्षा प्रणाली को लेकर चिंता बनी हुई है।
देशभर में चर्चा का विषय बना मामला
NEET पेपर लीक मामला देशभर में बड़ा मुद्दा बन चुका है। लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े इस प्रकरण ने परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं। जांच एजेंसियां अलग-अलग राज्यों में पूछताछ और छापेमारी कर रही हैं। पुणे में हुई नगर निगम की यह कार्रवाई मामले में अब तक की सबसे बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई मानी जा रही है और आगे भी कई अहम खुलासों की संभावना जताई जा रही है।