Paper leak Network: नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रमुख आरोपी प्रोफेसर शिवराज मोटेगांवकर को महाराष्ट्र के लातूर से गिरफ्तार कर लिया है। शिवराज आरसीसी कोचिंग संस्थान के संचालक हैं, जो मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराने वाला बड़ा संस्थान माना जाता है। गिरफ्तारी के बाद रॉउज एवेन्यू कोर्ट ने उन्हें 9 दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में अब तक कुल 10 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
कोचिंग संस्थान से मिले संदिग्ध दस्तावेज
सीबीआई जांच में सामने आया कि प्रोफेसर शिवराज मोटेगांवकर एनटीए से जुड़े रसायन विज्ञान के व्याख्याता पी.वी. कुलकर्णी के करीबी बताए जाते हैं। जांच एजेंसी ने उनके संस्थान और घर पर छापेमारी की, जहां से रसायन विज्ञान का प्रश्नपत्र बरामद हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, इसमें शामिल कई सवाल 3 मई को आयोजित नीट परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से मेल खाते हैं।
देशभर में कई जगहों पर छापेमारी
पिछले 24 घंटों में सीबीआई ने पांच अलग-अलग स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कई अहम दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जांच एजेंसी अब इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि इससे पेपर लीक नेटवर्क के और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
यह भी देखेंः200 crore in rental scam: बेंगलुरु में रेंटल स्कैम का बड़ा खुलासा, 300 लोगों से 200 करोड़ की ठगी
12 मई को दर्ज हुआ था मामला
शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की शिकायत के आधार पर सीबीआई ने 12 मई 2026 को नीट-यूजी पेपर लीक का मामला दर्ज किया था। केस दर्ज होने के बाद अलग-अलग राज्यों में विशेष टीमें बनाई गईं और कई शहरों में सर्च ऑपरेशन चलाए गए। जांच के दौरान कई संदिग्धों से पूछताछ की गई और अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बिचौलियों और नेटवर्क की जांच तेज
सीबीआई की जांच में यह भी सामने आया है कि परीक्षा से पहले रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान के प्रश्नपत्र कुछ छात्रों तक पहुंचाए गए थे। एजेंसी ने उन बिचौलियों को भी गिरफ्तार किया है, जो छात्रों को कथित विशेष कोचिंग क्लास के जरिए प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने में शामिल थे। जांच एजेंसियों का दावा है कि लाखों रुपये लेकर छात्रों को परीक्षा से पहले संभावित सवाल पढ़ाए जाते थे। अब पूरे नेटवर्क और इसके मास्टरमाइंड तक पहुंचने के लिए पूछताछ जारी है।