Major attack on security forces: तिनसुकिया जिले में रविवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने एक पुलिस कमांडो कैंप पर हमला कर दिया, जिसमें चार सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG) का इस्तेमाल किया और करीब 20 मिनट तक लगातार हमला जारी रखा। घटना के बाद इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
कई धमाकों से दहला इलाका
यह हमला Ledo क्षेत्र के पास स्थित एक कैंप पर हुआ, जो लेखापानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 2 बजे पहला धमाका हुआ, जिसके बाद कई विस्फोटों की आवाजें सुनाई दीं। बताया जा रहा है कि कम से कम पांच RPG दागे गए, जिनमें से चार कैंप परिसर के भीतर फटे। धमाकों के साथ-साथ गोलीबारी भी की गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
सीमा से सटे इलाके में बढ़ी चिंता
यह इलाकाअरुणाचल प्रदेश की सीमा के करीब स्थित है और पहले से ही संवेदनशील माना जाता रहा है। हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। घायल कमांडो का इलाज फिलहाल कैंप में ही किया जा रहा है, हालांकि उनकी स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
कार्रवाई का भरोसा
असम के मुख्यमंत्री Hहिमंत बिस्वा सरमा ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस और सेना ने संयुक्त रूप से उग्रवाद विरोधी अभियान शुरू कर दिया है और हमलावरों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
हमले के बाद पूरे तिनसुकिया और ऊपरी असम में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। गौरतलब है कि पिछले साल भी Kakopathar क्षेत्र में सेना के कैंप पर इसी तरह का हमला हुआ था, जिसमें कुछ जवान घायल हुए थे। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं।