UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। 447 किलोमीटर लंबे दो नए एक्सप्रेसवे के निर्माण को मंजूरी मिली। 50 हजार मेधावी छात्राओं को स्कूटी, हेलमेट और पांच लीटर पेट्रोल देने का निर्णय हुआ। उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 3 से 6 अगस्त तक बुलाने के प्रस्ताव पर भी कैबिनेट ने मुहर लगा दी।
लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के लिए 400 करोड़ रुपये का प्रावधान
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के लिए 400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। योजना के तहत प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की स्नातक अंतिम वर्ष की शीर्ष पांच प्रतिशत छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। अभिभावकों की वार्षिक आय 12 लाख रुपये तक होने पर पात्रता मिलेगी, जबकि दिव्यांग, शहीद और निराश्रित परिवारों की छात्राओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार स्कूटी के साथ पंजीकरण, बीमा, आईएसआई प्रमाणित हेलमेट और पांच लीटर पेट्रोल भी उपलब्ध कराएगी।
बनेंगे दो नए एक्सप्रेस वे
कैबिनेट ने विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे के अलावा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले लिंक मार्ग के लिए विकासकर्ता के चयन को भी मंजूरी दी। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से विंध्य और पूर्वांचल क्षेत्र में उद्योग, निवेश, पर्यटन तथा रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे और आवागमन पहले से अधिक सुगम होगा।
विधानसभा का मानसून सत्र भी तय
इसी बैठक में उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 3 अगस्त से 6 अगस्त तक बुलाने का निर्णय लिया गया। सरकार इस दौरान अनुपूरक बजट, विधायी कार्यों और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव सदन में प्रस्तुत करेगी।