महाराष्ट्र की सियासत में फिर हलचल तेज है। शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने 14 जून को मातोश्री में पार्टी के सभी सांसदों की आपात बैठक बुलाई है। इसकी 3 बड़ी वजहें हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उद्धव गुट के 8-9 सांसद डिप्टी CM एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं। ठाणे में शिंदे और उद्धव गुट के 8 सांसदों की गुप्त बैठक की चर्चा है। हालांकि शिंदे ने इसे "अफवाह" बताया।
संजय जाधव की गैरहाजिरी
सांसद संजय उर्फ बंडू जाधव पिछली कई बैठकों से गायब हैं। 14 जून की मीटिंग में उनकी मौजूदगी पर सबकी नजर है। अगर नहीं आए तो नई अटकलें लगेंगी। मार्च में दिल्ली में संजय राउत के घर हुई बैठक में सांसदों ने खुलकर नाराजगी जताई थी। संवाद की कमी, चुनाव में समर्थन न मिलने और आदित्य ठाकरे की सक्रियता पर सवाल उठे थे।
अंदरूनी कलह
मीटिंग में राज्यसभा सीट को लेकर टकराव हुआ। राउत ने शिवसेना की सीट शरद पवार को देने का समर्थन किया, जिससे प्रियंका चतुर्वेदी नाराज होकर बीच मीटिंग से निकल गईं। उद्धव ने सांसदों से कहा- "BJP और NCP वाले मुझे बताते हैं कि तुम्हारे सांसद टूटने वाले हैं, लेकिन मुझे आप पर भरोसा है। अगर आप नहीं लड़ना चाहते, तो मुझे बता दो, मैं अभी रुक जाऊंगा"।
2024 का गणित और 2026 की तैयारी
2024 लोकसभा में उद्धव गुट ने 9 सीटें जीती थीं, शिंदे गुट 7 पर जीत हासिल की। पर अब 'ऑपरेशन टाइगर' की चर्चा है कि शिंदे उद्धव के सांसद तोड़ सकते हैं। बीजेपी के आंतरिक सर्वे में दावा है कि मुंबई में शिंदे-BJP गठबंधन शिवसेना के गढ़ में सेंध लगा रहा है। उद्धव ने शाखा प्रमुखों को कड़े निर्देश दिए हैं, "इस बार एक भी चूक नहीं चलेगी"।