Major development in TMC: पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की वरिष्ठ नेता और पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने अपने सभी संगठनात्मक पदों से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी को पत्र भेजकर अपने फैसले की जानकारी दी है। हालांकि, उनके इस्तीफे के कारणों को लेकर अभी तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
ममता बनर्जी को भेजा इस्तीफा
सूत्रों के अनुसार चंद्रिमा भट्टाचार्य ने पत्र के माध्यम से ममता बनर्जी को अपने निर्णय से अवगत कराया। उन्होंने संगठनात्मक जिम्मेदारियों से हटने के साथ-साथ पार्टी के वित्तीय और प्रशासनिक मामलों से जुड़ी साइनिंग अथॉरिटी की जिम्मेदारी भी छोड़ने की बात कही है। उनके इस्तीफे को टीएमसी के लिए महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
संगठन में अहम भूमिका निभाती रही हैं
चंद्रिमा भट्टाचार्य लंबे समय से तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख नेताओं में शामिल रही हैं। संगठन और सरकार दोनों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है और उन्हें पार्टी नेतृत्व का भरोसेमंद चेहरा माना जाता रहा है। यही वजह है कि उनके इस्तीफे ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
यह भी देखेंः'₹2,000 तक पहुंच सकता था गैस सिलेंडर', PM Modi बोले- भारत ने ऊर्जा संकट को अवसर में बदला
टीएमसी की ओर से नहीं आया बयान
अब तक तृणमूल कांग्रेस या ममता बनर्जी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। पार्टी की चुप्पी के बीच राजनीतिक विश्लेषक इस घटनाक्रम के संभावित असर को लेकर अलग-अलग कयास लगा रहे हैं।
बंगाल की राजनीति में बढ़ी हलचल
चंद्रिमा भट्टाचार्य के इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पार्टी की ओर से इस विषय पर कोई औपचारिक फैसला या बयान सामने आ सकता है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।