Major drug crackdown: न्यू ईयर से पहले बेंगलुरु पुलिस ने नशे के बड़े जाल पर तगड़ा प्रहार किया है। सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) ने शहर में तीन अलग-अलग मामलों में करोड़ों की ड्रग्स जब्त की हैं, जिनकी कीमत लगभग 29 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने अब तक दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जबकि ड्रग्स सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, जब्त की गई खेप में 10 किलो 300 ग्राम MMDA पिल्स और करीब 8 किलो हाइड्रो गांजा शामिल है। जांच में सामने आया है कि इन नशीले पदार्थों को न्यू ईयर की पार्टियों में सप्लाई करने की तैयारी की जा रही थी। अंतरराष्ट्रीय लिंक और शहर के क्लब सर्किट से जुड़े कुछ नाम भी पुलिस की रडार पर हैं। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई त्योहारों के दौरान बढ़ती ड्रग्स खपत को ध्यान में रखते हुए चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।
18 करोड़ की ड्रग्स बरामद
CCB की टीम ने तंजानिया की नैंसी ओमेरी को गिरफ्तार किया, जो बेंगलुरु में हेयर स्टाइलिस्ट के रूप में काम कर रही थी। आरोप है कि वह इसी काम की आड़ में ड्रग्स नेटवर्क चला रही थी। 2023 में टूरिस्ट वीजा पर भारत आने के बाद वह अलग-अलग शहरों से सस्ते दाम पर MMDA पिल्स खरीदती और बेंगलुरु में सप्लाई करती थी। उसके पास से 9 किलो से ज्यादा MMDA पिल्स मिली हैं, जिनकी कीमत करीब 18.5 करोड़ रुपये है।
यह भी देखेंःAI video: AI वीडियो ने बढ़ाई सियासी गर्मी. मोदी को चाय बेचते दिखाने पर कांग्रेस–BJP आमने-सामने
पोस्ट ऑफिस पार्सल में मिला गांजा
दूसरे मामले में पुलिस ने इमानुअल अरिंजे नाम के एक विदेशी युवक को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 2.5 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त हुई। आरोपी पहले भी ड्रग्स तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। तीसरे मामले में CCB को कस्टम की ओर से मिली सूचना पर चामराजपेट फॉरेन पोस्ट ऑफिस से एक पार्सल सीज किया गया, जिसमें करीब 8 किलो हाइड्रो गांजा भरा था। पुलिस अब पार्सल भेजने और प्राप्त करने वाले दोनों लोगों की तलाश कर रही है।