
Major plane crash in America: अमेरिका के केंटकी राज्य के लुईविल में बुधवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, UPS एयरलाइंस का एक कार्गो विमान मोहम्मद अली इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही क्षण बाद क्रैश हो गया। हादसा स्थानीय समयानुसार शाम 5:15 बजे हुआ, जब विमान होनोलूलू के लिए रवाना हो रहा था।
हादसे में तीन की मौत, कई घायल
इस हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 11 अन्य घायल हुए हैं। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि घायलों और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई लोगों की हालत गंभीर है। केंटकी के गवर्नर एंडी बेशियर ने घटना पर शोक जताते हुए कहा कि राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं।
उड़ान भरते ही लगी आग
जानकारी के अनुसार, यह McDonnell Douglas MD-11 विमान 1991 में निर्मित हुआ था और UPS द्वारा कार्गो सेवा में उपयोग किया जा रहा था। विमान के उड़ान भरते ही इसके बाएं पंख में आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान ने कुछ ऊंचाई ली लेकिन फिर अचानक नीचे गिरकर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाके के बाद आसमान में धुएं का घना गुबार उठ गया और रनवे के पास स्थित एक इमारत की छत को भी नुकसान पहुंचा।
बचाव दल कर रहे हैं राहत कार्य
गवर्नर बेशियर ने बताया कि हादसे के बाद फायर ब्रिगेड, पुलिस और रेस्क्यू एजेंसियां मौके पर पहुंच गई हैं। हालांकि विमान में मौजूद ईंधन और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारण विस्फोट का खतरा अब भी बना हुआ है। लुईविल के मेयर क्रेग ग्रीनबर्ग ने कहा कि ईंधन लीक होने की वजह से क्षेत्र को घेर लिया गया है और लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
जांच के आदेश
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने इस दुर्घटना की संयुक्त जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक रिपोर्टों में आशंका जताई गई है कि टेकऑफ के समय इंजन फेल होने की वजह से यह हादसा हुआ। जांच पूरी होने के बाद ही असली कारण स्पष्ट होगा।
UPS कंपनी के लिए बड़ा झटका
लुईविल एयरपोर्ट के पास हुआ यह हादसा न केवल UPS कंपनी के लिए बड़ा झटका है, बल्कि सुरक्षा मानकों पर भी कई सवाल खड़े करता है। राहत एजेंसियां लगातार मलबा हटाने और लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। हादसे में मारे गए लोगों के प्रति स्थानीय प्रशासन और जनता ने गहरा शोक व्यक्त किया है।