
Bhiwani teacher Manisha: हरियाणा की 19 वर्षीय शिक्षिका मनीषा की रहस्यमयी मौत के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। पहले जहां पुलिस इस घटना को आत्महत्या मान रही थी, वहीं अब सीबीआई जांच में हत्या के सबूत मिलने की बात सामने आ रही है। मनीषा के पिता संजय कुमार का कहना है कि सीबीआई अधिकारियों ने उन्हें बताया है कि उनकी बेटी की मौत आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है। हालांकि एजेंसी ने अभी तक आधिकारिक रूप से किसी नतीजे की घोषणा नहीं की है।
फॉरेंसिक रिपोर्ट बनी अहम सबूत
मनीषा के पिता के मुताबिक, एम्स की फोरेंसिक रिपोर्ट ने रोहतक पीजीआई की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को खारिज कर दिया है। पहले रोहतक में इसे सुसाइड बताया गया था, लेकिन एम्स की रिपोर्ट के अनुसार यह मामला हत्या की ओर इशारा करता है। सीबीआई ने परिवार से कई बार पूछताछ की है और जांच टीम का फोकस अब आइडियल नर्सिंग कॉलेज के आसपास के लोगों पर है, जहां मनीषा दाखिले की जानकारी लेने गई थी। पिता ने दावा किया कि सीबीआई के पास कई अहम सबूत हैं और जांच अब अंतिम चरण में है।
11 अगस्त को हुई थी रहस्यमयी गुमशुदगी
गौरतलब है कि मनीषा 11 अगस्त को अपने गांव ढाणी लक्ष्मण से स्कूल पढ़ाने के लिए निकली थी और उसी दिन लापता हो गई थी। दो दिन बाद, 13 अगस्त को उसका शव सिंघानी गांव के खेतों में मिला। परिवार का आरोप है कि मनीषा की हत्या के पीछे नर्सिंग कॉलेज और कुछ प्रभावशाली लोगों का हाथ है। पिता संजय ने यह भी कहा कि जांच में राजनीतिक दबाव डाला गया था ताकि मामले को आत्महत्या दिखाया जा सके। सीबीआई की टीम अभी भी मनीषा का मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल सबूत तलाश रही है, जो केस की दिशा तय कर सकते हैं।