
ISIS arrested: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एटा निवासी 19 वर्षीय अदनान पुत्र सलीम खान को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। आरोप है कि वह राजधानी दिल्ली में बम धमाकों की साजिश रच रहा था। पुलिस के अनुसार, अदनान अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठन आईएसआईएस (ISIS) के हैंडलर अबू इब्राहिम अल-कुरैशी के निर्देश पर काम कर रहा था। दिल्ली से गिरफ्तार किए गए अदनान का एक साथी भी भोपाल से पकड़ा गया है। दोनों से पूछताछ जारी है, जिससे कई अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है।
ISIS से संपर्क और बरामद सबूत
एटा के किदवई नगर निवासी अदनान के पिता सलीम खान दूरदर्शन में ड्राइवर हैं और कुछ साल पहले ट्रांसफर के बाद परिवार दिल्ली शिफ्ट हुआ था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वहीं से अदनान का संपर्क आईएसआईएस नेटवर्क से हुआ। छापेमारी के दौरान पुलिस को उसके पास से पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, आईएसआईएस का झंडा और बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद हुआ। एजेंसियों ने अदनान का एक वीडियो भी पाया है, जिसमें वह आतंकी संगठन के प्रति वफादारी की शपथ लेता दिख रहा है।
परिवार और पड़ोसियों का दावा
अदनान की गिरफ्तारी के बाद एटा स्थित उसके घर पर ताला लगा है। उसकी मां अंजुम खान फिलहाल वहीं हैं, जबकि एजेंसियां रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ कर रही हैं। दूसरी ओर, स्थानीय लोगों का कहना है कि अदनान को गलत तरीके से फंसाया गया है। पड़ोसी वकील मुजाहिद के अनुसार, “वह बचपन से पढ़ाई में अच्छा और शांत स्वभाव का था।” पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अदनान के पास से दिल्ली के पॉश इलाकों के नक्शे भी मिले हैं, जिनकी मदद से वह संभवतः किसी बड़ी वारदात की तैयारी में था। जांच एजेंसियां अब उसके संपर्कों और योजनाओं की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।