Judge Aman Kumar death case: दिल्ली में न्यायिक अधिकारी अमन कुमार शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। शुरुआती तौर पर आत्महत्या माने जा रहे इस केस में अब परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। दक्षिण दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव थाने में दर्ज इस मामले ने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है।
पत्नी और साली समेत कई लोग आरोपी
एफआईआर में मृतक जज की पत्नी और तीस हजारी कोर्ट में कार्यरत जज स्वाति मलिक को आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा उनकी कजिन और जम्मू-कश्मीर कैडर की आईएएस अधिकारी निधि मलिक का नाम भी शामिल है। पुलिस ने स्वाति मलिक के माता-पिता और एक अन्य व्यक्ति को भी मामले में नामजद किया है, जिससे केस की संवेदनशीलता और बढ़ गई है।
गंभीर धाराओं में केस दर्ज
दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और धारा 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, शिकायत के आधार पर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
यह भी देखेंःDelhi AC blast : विवेक विहार की इमारत में भीषण आग, 9 लोगों की मौत, राहत-बचाव कार्य जारी
पहले आत्महत्या, अब साजिश का शक
करीब 30 वर्षीय अमन कुमार शर्मा का शव उनके सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला था। वे कड़कड़डूमा कोर्ट में दिल्ली लीगल सर्विसेज अथॉरिटी में सचिव पद पर तैनात थे। शुरुआत में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही थी, लेकिन परिवार के आरोपों के बाद अब मामला कथित साजिश और मानसिक उत्पीड़न की दिशा में जांचा जा रहा है।
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि अमन अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष से मानसिक रूप से परेशान थे। रिश्तेदारों का कहना है कि लगातार तनाव और प्रताड़ना के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस अब इन आरोपों की सत्यता जांचने में जुटी है, ताकि मामले की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।