LPU Protest: पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में एक छात्रा के साथ कथित रेप की खबर फैलने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। सोशल मीडिया पर वायरल मैसेज के बाद शुरू हुआ छात्रों का विरोध प्रदर्शन रातभर चला और सुबह भी जारी रहा। रात में हंगामे और तोड़फोड़ के बाद छात्रों ने सुबह दोबारा चंडीगढ़-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया है।
रात में तोड़फोड़, सुबह हाईवे किया जाम
बताया जा रहा है कि गर्ल्स हॉस्टल के पास से छात्रों का प्रदर्शन शुरू हुआ था। जब किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा छात्रा के साथ रेप की खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इसके बाद रात करीब 2 बजे बड़ी संख्या में छात्र यूनिवर्सिटी कैंपस में जमा हो गए और विरोध जताने लगे। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और कैंपस में तोड़फोड़ व आगजनी की गई। इसके बाद उग्र छात्र यूनिवर्सिटी के मेन गेट को तोड़ते हुए बाहर निकल आए और चड़ीगढ़-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना दे दिया, जिससे हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
पुलिस ने छात्रों को समझाने की कोशिश की
घटना की सूचना मिलते ही कपूरथला के एसपी गौरव तूर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने की कोशिश की। अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल सबसे अहम बात यह पता लगाना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मैसेज कहां से आया और उसमें किए गए दावे की सच्चाई क्या है।
यह भी पढ़ें: UP PCS 2025: 28 सितंबर से शुरू होंगे इंटरव्यू, इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली मंजूरी
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार अभी तक रेप की किसी भी घटना की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मैसेज कहां से शुरू हुआ और उसमें कितनी सच्चाई है। अधिकारियों को कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है और शांति बनाए रकने की अपील की है।