अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका दिया है। चुनाव नतीजों में डेमोक्रेट्स ने हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट दोनों में बहुमत हासिल कर लिया है। एनबीसी न्यूज के अनुमान के अनुसार, 435 सदस्यों वाली प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक पार्टी को 256 सीटें मिलने की संभावना है। यह बहुमत के आंकड़े से 81 सीटें अधिक हैं। वहीं, 100 सदस्यीय सीनेट में पार्टी के खाते में कम से कम 54 सीटें आने का अनुमान है। इस नतीजे को ट्रंप प्रशासन की नीतियों और उनके नेतृत्व के खिलाफ जनता की नाराजगी के तौर पर देखा जा रहा है।
चुनावी वादों से भटकने का ट्रंप पर आरोप
डोनाल्ड ट्रंप ने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव के दौरान अमेरिकी नागरिकों को महंगाई से राहत दिलाने और रोजमर्रा की जिंदगी को किफायती बनाने का भरोसा दिया था। हालांकि, दोबारा सत्ता में आने के बाद उनकी प्राथमिकताएं बदलती नजर आईं। विपक्ष ने आरोप लगाया कि आम लोगों की आर्थिक परेशानियों पर ध्यान देने के बजाय ट्रंप प्रशासन ने टैरिफ बढ़ाने, 'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' एजेंडे को आगे बढ़ाने और ईरान से जुड़े विवादों को प्राथमिकता दी।
इसके अलावा व्हाइट हाउस और वॉशिंगटन की प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव जैसे मुद्दे भी उनकी सरकार के एजेंडे में प्रमुख रहे। माना जा रहा है कि महंगाई और जीवनयापन की बढ़ती लागत से परेशान मतदाताओं ने इन मुद्दों पर अपनी नाराजगी चुनाव के जरिए जाहिर की।
ट्रंप बोले- मैं चुनाव लड़ता तो नतीजा अलग होता
चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को मिल रही हार के बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी प्रतिक्रिया सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर दी। उन्होंने कहा कि वह खुद चुनावी मैदान में नहीं थे। अगर उनका नाम बैलेट पर होता तो रिपब्लिकन पार्टी भारी बहुमत से जीतती।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब चुनावी नतीजों ने पार्टी के भीतर उनकी राजनीतिक पकड़ और नेतृत्व क्षमता को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि रिपब्लिकन पार्टी को उन राज्यों में भी नुकसान उठाना पड़ा है, जिन्हें लंबे समय से उसका मजबूत राजनीतिक आधार माना जाता रहा है। टेक्सास, कंसास और साउथ कैरोलाइना जैसे राज्यों में डेमोक्रेट्स के प्रदर्शन ने चुनावी समीकरण बदल दिए।
कंसास और टेक्सास में दशकों पुराना राजनीतिक समीकरण बदला
इस चुनाव में कंसास और टेक्सास के नतीजे खास चर्चा में रहे। कंसास में एडम हैमिल्टन ने सीनेट सीट जीतकर रिपब्लिकन पार्टी के करीब 95 साल पुराने दबदबे को समाप्त कर दिया। इस जीत के साथ वह राज्य से लगभग एक सदी बाद चुने जाने वाले पहले डेमोक्रेट बन गए।
वहीं, टेक्सास में हीना हिनोजोसा की गवर्नर पद पर जीत को भी ऐतिहासिक माना जा रहा है। उनके निर्वाचन के साथ राज्य में करीब 36 साल से कायम रिपब्लिकन पार्टी का शासन समाप्त हो गया। इन नतीजों से संकेत मिला है कि इस बार मतदाताओं ने पारंपरिक राजनीतिक पसंद से अलग जाकर मतदान किया।