Roti se Bnaayen Breakfast : अगर घर में रोटियां बच गई हैं और समझ नहीं आ रहा कि उनका क्या किया जाए, तो उन्हें फेंकने की जरूरत नहीं है। बची हुई रोटियों से आप स्वादिष्ट और कुरकुरे कटलेट तैयार कर सकते हैं. रोटी कटलेट बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता और इसका स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक को पसंद आ सकता है. इसे सुबह के नाश्ते या शाम की चाय के साथ सर्व किया जा सकता है.
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
रोटी कटलेट बनाने के लिए बची हुई रोटियां, उबले हुए आलू, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया और थोड़ा सा अदरक लें. स्वाद के अनुसार नमक, लाल मिर्च, चाट मसाला और गरम मसाला भी डाल सकते हैं. कटलेट को क्रिस्पी बनाने के लिए थोड़ा सा ब्रेड क्रम्ब्स या सूजी इस्तेमाल की जा सकती है.
ऐसे तैयार करें मिश्रण
सबसे पहले बची हुई रोटियों को छोटे टुकड़ों में तोड़कर मिक्सर में हल्का दरदरा पीस लें. अब एक बर्तन में उबले आलू मैश करें और इसमें पिसी हुई रोटी, प्याज, हरी मिर्च, धनिया और मसाले डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर नरम मिश्रण तैयार कर लें. अगर मिश्रण बहुत सूखा लगे तो थोड़ा पानी डाल सकते हैं.
कटलेट को दें मनपसंद आकार
तैयार मिश्रण से छोटे-छोटे हिस्से लेकर गोल या अंडाकार कटलेट बना लें. अब इन्हें हल्के हाथ से ब्रेड क्रम्ब्स या सूजी में लपेटें। इससे कटलेट की बाहरी परत अच्छी तरह कुरकुरी हो जाएगी.
कम तेल में भी बनेंगे क्रिस्पी
एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और कटलेट को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें. इन्हें ज्यादा तेज आंच पर पकाने से बाहर की परत जल्दी जल सकती है, जबकि अंदर का हिस्सा ठीक से गर्म नहीं होगा.
चटनी के साथ करें सर्व
गरमा-गरम रोटी कटलेट को हरी चटनी, टमाटर सॉस या दही के साथ परोसें. इस आसान रेसिपी से बची हुई रोटियों का स्वादिष्ट तरीके से इस्तेमाल हो जाएगा और घर में एक झटपट स्नैक भी तैयार हो जाएगा.