Hair Care Tips : आजकल लोग त्वचा और बालों की देखभाल के लिए तरह-तरह के महंगे प्रोडक्ट्स और पार्लर ट्रीटमेंट पर पैसे खर्च करते हैं. हालांकि, कुछ घरेलू चीजों की मदद से भी आप अपनी ब्यूटी केयर रूटीन को आसान बना सकते हैं. अलसी के बीजों से तैयार जेल ऐसा ही एक घरेलू विकल्प है, जिसे बनाना काफी आसान है.
अलसी जेल के लिए चाहिए ये चीजें
अलसी का जेल बनाने के लिए आपको ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होगी. इसके लिए करीब 2 चम्मच अलसी के बीज, एक कप पानी और एक साफ बर्तन पर्याप्त है. चाहें तो इस्तेमाल से पहले इसमें थोड़ा एलोवेरा जेल भी मिलाया जा सकता है.
ऐसे तैयार करें अलसी का जेल
सबसे पहले एक पैन में एक कप पानी डालकर उसमें अलसी के बीज मिलाएं। इसे धीमी आंच पर कुछ मिनट तक उबालें और बीच-बीच में चलाते रहें। जब पानी थोड़ा गाढ़ा और चिपचिपा होने लगे तो गैस बंद कर दें. मिश्रण को हल्का ठंडा होने दें और फिर साफ कपड़े या महीन छन्नी की मदद से जेल को छान लें. तैयार जेल को साफ कंटेनर में भरकर फ्रिज में रखें.
बालों के लिए कैसे करें इस्तेमाल
अलसी का जेल बालों पर हेयर जेल की तरह लगाया जा सकता है। इसे हल्के हाथों से बालों की लंबाई पर लगाएं और कुछ समय बाद बाल धो लें. इससे बालों को मुलायम लुक और हल्की चमक मिल सकती है। घुंघराले बालों को सेट करने के लिए भी इसे इस्तेमाल किया जाता है.
स्किन पर लगाने से पहले रखें ध्यान
चेहरे पर किसी भी घरेलू नुस्खे को लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें. अलसी जेल को साफ त्वचा पर थोड़ी मात्रा में लगाकर देखें. जलन, खुजली या लालिमा महसूस हो तो इसका इस्तेमाल न करें। यह घरेलू उपाय हर व्यक्ति की त्वचा और बालों पर एक जैसा असर करे, यह जरूरी नहीं है.