Besan hack : बेसन भारतीय रसोई में इस्तेमाल होने वाली ऐसी सामग्री है, जिससे पकौड़े, चीला, कढ़ी और कई तरह के स्वादिष्ट व्यंजन बनाए जाते हैं। बाजार में मिलने वाले बेसन में शुद्धता को लेकर कई बार मन में सवाल उठते हैं. ऐसे में अगर आप चाहें तो घर पर ही चने की दाल से ताजा बेसन तैयार कर सकते हैं। इसे बनाना मुश्किल नहीं है और सही तरीके से तैयार करने पर आपको अपनी जरूरत के हिसाब से बेसन मिल जाएगा.
सबसे पहले दाल की सफाई करें
घर पर बेसन बनाने के लिए अच्छी क्वालिटी की चना दाल लें. दाल को एक प्लेट या बड़ी थाली में फैलाकर उसमें मौजूद कंकड़, खराब दाने या अन्य गंदगी को अलग कर दें। इसके बाद दाल को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। धोने के बाद इसे किसी साफ कपड़े या प्लेट पर फैलाकर पूरी तरह सूखने दें। दाल में नमी नहीं रहनी चाहिए.
दाल को हल्का भून लें
जब दाल अच्छी तरह सूख जाए तो एक मोटे तले वाली कड़ाही को गर्म करें. इसमें चना दाल डालकर धीमी आंच पर कुछ मिनट तक हल्का भूनें। दाल को लगातार चलाते रहें, ताकि वह जले नहीं। हल्की खुशबू आने लगे और दाल थोड़ी कुरकुरी हो जाए तो गैस बंद कर दें। इसके बाद दाल को पूरी तरह ठंडा होने दें.
मिक्सर में पीसें
अब ठंडी की हुई भुनी चना दाल को मिक्सर जार में डालें। इसे थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पीसना बेहतर रहेगा। पहले दाल को दरदरा पीसें और फिर दोबारा चलाकर बारीक पाउडर तैयार करें। मिक्सर को लगातार बहुत देर तक चलाने के बजाय कुछ सेकंड के अंतराल पर चलाएं.
छलनी से छानकर करें तैयार
बेसन को बारीक और मुलायम बनाने के लिए इसे एक महीन छलनी से छान लें. जो दानेदार हिस्सा बच जाए, उसे दोबारा मिक्सर में पीसकर छान सकते हैं। इस तरह घर पर तैयार बेसन काफी महीन हो जाएगा.
एयरटाइट डिब्बे में रखें
तैयार बेसन को पूरी तरह ठंडा होने के बाद सूखे और साफ एयरटाइट कंटेनर में भरकर रखें। डिब्बे में नमी जाने से बचाएं और हमेशा सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें। इस तरह आप जरूरत के मुताबिक घर पर ताजा बेसन तैयार कर सकते हैं.