Masala Moong Dal Baati Recipe: रविवार के दिन अक्सर कुछ ऐसा खाने का मन करता है जो स्वादिष्ट होने के साथ थोड़ा अलग भी हो. अगर आप पारंपरिक राजस्थानी स्वाद को अपने लंच में शामिल करना चाहते हैं, तो मसाला मूंग दाल बाटी एक अच्छा विकल्प हो सकती है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको बाटी को तंदूर या ओवन में पकाने की जरूरत नहीं है। अप्पे पैन की मदद से इसे आसानी से सेंका जा सकता है.
मूंग दाल से बढ़ेगा स्वाद
इस बाटी की खासियत इसमें इस्तेमाल होने वाली मूंग दाल है. दाल को मसालों के साथ मिलाने से बाटी का स्वाद सामान्य बाटी से थोड़ा अलग और चटपटा हो जाता है. इसमें अजवाइन और सौंफ जैसे मसाले डाले जाते हैं, जो इसे अच्छी खुशबू और खास स्वाद देते हैं.
ऐसे तैयार करें मिश्रण
सबसे पहले मूंग दाल को अच्छी तरह धोकर कुछ समय के लिए भिगो दें. इसके बाद पानी निकालकर दाल को हल्का दरदरा पीस लें। इसमें आटा, नमक, अजवाइन, सौंफ और अपनी पसंद के दूसरे मसाले मिलाएं। थोड़ा तेल या घी डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं। जरूरत के अनुसार पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें.
अप्पे पैन में ऐसे सेंकें
अब तैयार आटे की छोटी-छोटी गोल बाटियां बना लें. अप्पे पैन को हल्का गर्म करके हर खाने में थोड़ा घी या तेल लगाएं। बाटियों को पैन में रखें और धीमी से मध्यम आंच पर पकाएं. इन्हें बीच-बीच में पलटते रहें, ताकि सभी तरफ से अच्छी तरह सिक जाएं। जब बाटियां बाहर से सुनहरी और क्रिस्पी हो जाएं, तो इन्हें पैन से निकाल लें.
दाल और चटनी के साथ करें सर्व
गरमागरम मसाला मूंग दाल बाटी को दाल, हरी चटनी, लहसुन की चटनी या रायते के साथ परोसा जा सकता है. ऊपर से थोड़ा घी डालने से इसका स्वाद और बढ़ जाता है। इस तरह बिना ज्यादा मेहनत के घर पर राजस्थानी अंदाज का स्वादिष्ट रविवार का लंच तैयार किया जा सकता है.