.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D60537c57-f76e-4c60-abc8-5ea6102b49e4&w=3840&q=75)
Home Made Ghee Trick : घी भारतीय रसोई का एक अहम हिस्सा है. चाहे वह तड़का लगाना हो, हलवा बनाना हो या रोटी पर लगाने की बात हो – देसी घी हर खाने का स्वाद बढ़ा देता है. बाजार में मिलने वाला घी कई बार मिलावटी या प्रोसेस्ड होता है, जिससे उसकी पौष्टिकता कम हो जाती है। ऐसे में घर का बना हुआ घी न सिर्फ स्वादिष्ट होता है बल्कि शुद्ध और सेहतमंद भी होता है. अगर आप सोचते हैं कि घी निकालना झंझट भरा काम है, तो अब चिंता छोड़ दें। हम आपको बता रहे हैं एक आसान और देसी तरीका, जिससे आप घर पर बड़ी आसानी से घी बना सकते हैं.
घी बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
घर की मलाई (फुल क्रीम दूध से निकली हुई) – 2-3 कप
पानी – 1/2 कप (फेंटने के लिए)
दही – 1 चम्मच (मलाई को सेट करने के लिए, वैकल्पिक)
घी निकालने का आसान तरीका
Step 1: मलाई इकट्ठा करें
रोज दूध उबालने के बाद ऊपर जमी मलाई को एक साफ डिब्बे में इकट्ठा करें और फ्रिज में रखें। जब 7-10 दिन की मलाई इकट्ठा हो जाए, तब घी बनाने की प्रक्रिया शुरू करें.
Step 2: मलाई को फेंटें
मलाई को फ्रिज से निकाल कर कमरे के तापमान पर लाएं। अब इसमें थोड़ा सा पानी मिलाकर या बिना पानी के भी, हैंड ब्लेंडर या मथनी से फेंटें। कुछ ही देर में मक्खन ऊपर आ जाएगा और नीचे मट्ठा (छाछ) रह जाएगा.
Step 3: मक्खन अलग करें
अब मक्खन को निकाल लें और ठंडे पानी से धो लें ताकि उसमें से मट्ठा पूरी तरह निकल जाए। इससे घी ज़्यादा दिन तक खराब नहीं होगा.
Step 4: घी पकाएं
अब इस मक्खन को एक मोटे तले के पैन में मध्यम आंच पर पकाएं। कुछ ही देर में यह पिघलकर झाग छोड़ने लगेगा और फिर सुनहरा पीला रंग आने लगेगा। जब घी से सुगंध आने लगे और नीचे हल्का भूरा अवशेष दिखे, तो गैस बंद कर दें.
Step 5: घी छानकर रखें
घी को ठंडा होने दें और फिर एक साफ मलमल के कपड़े या छन्नी से छानकर कांच की बॉटल में स्टोर करें। आपका घर का बना शुद्ध देसी घी तैयार है!
कुछ देसी टिप्स
मलाई को जमा करते समय उसमें एक चम्मच दही मिला दें, इससे मक्खन जल्दी निकलेगा. घी पकाते समय उसमें एक-दो तुलसी के पत्ते डालने से वो ज़्यादा दिन तक खराब नहीं होता. मक्खन को धोने से उसका स्वाद और शेल्फ लाइफ दोनों बेहतर होते हैं.
घर पर घी निकालना जितना आसान है, उतना ही लाभकारी भी है। इससे न सिर्फ आपको शुद्ध घी मिलता है, बल्कि छाछ और बचे हुए अवशेष का इस्तेमाल भी कई अन्य व्यंजनों में किया जा सकता है। अब जब भी आपके पास थोड़ी-थोड़ी मलाई इकट्ठा हो जाए, तो उसे फेंकें नहीं – इस आसान ट्रिक से उसे स्वादिष्ट घी में बदलें और सेहत का मजा लें.