Arbi ki Recepie : बारिश का मौसम आते ही चाय के साथ कुछ गरमागरम और चटपटा खाने का मन होने लगता है. अगर आप रोज के प्याज या आलू के पकौड़ों से कुछ अलग बनाना चाहते हैं, तो अरबी के पत्तों के पकौड़े एक स्वादिष्ट विकल्प हो सकते हैं। सही तरीके से बनाए जाएं तो ये बाहर से कुरकुरे और अंदर से मसालेदार लगते हैं.
पकौड़े बनाने के लिए सामग्री
इसके लिए अरबी के ताजे पत्ते, बेसन, थोड़ा चावल का आटा, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर, अजवाइन और नमक लें. स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा नींबू का रस भी मिलाया जा सकता है. तलने के लिए तेल की जरूरत होगी.
ऐसे तैयार करें अरबी के पत्ते
सबसे पहले अरबी के पत्तों को अच्छी तरह धोकर साफ कपड़े से सुखा लें। पत्तों की मोटी डंठल और नसों को हल्का सा हटा दें. अब एक बर्तन में बेसन, चावल का आटा और सभी मसाले डालें. इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार करें.
पकौड़े बनाने का आसान तरीका
हर पत्ते पर मसाले वाला बेसन अच्छी तरह लगाएं और उसे मोड़कर रोल जैसा बना लें. चाहें तो दो-तीन पत्तों की परत बनाकर भी रोल तैयार कर सकते हैं. अब इन्हें भाप में कुछ मिनट पकाएं, ताकि पत्ते अच्छी तरह नरम हो जाएं. ठंडा होने के बाद रोल को छोटे टुकड़ों में काट लें.
कड़ाही में तेल गर्म करें और इन टुकड़ों को मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। तैयार पकौड़ों को हरी चटनी और गरम चाय के साथ परोसें. बारिश के मौसम में यह स्वादिष्ट नाश्ता परिवार के साथ जरूर पसंद आएगा.