सॉफ्ट-स्पंजी नाश्ता : सुबह के नाश्ते में अगर कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ जल्दी तैयार हो जाए, तो पोहा, सूजी और दही से बने पैनकेक एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं। यह नाश्ता बाहर से हल्का क्रिस्पी और अंदर से नरम व स्पंजी बनता है. खास बात यह है कि इसे बनाने में बहुत ज्यादा तेल की जरूरत नहीं पड़ती। बच्चों के टिफिन के लिए भी इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है.
बैटर तैयार करने का तरीका
इसके लिए सबसे पहले पोहे को साफ करके कुछ मिनट पानी में भिगो दें। जब पोहा नरम हो जाए तो उसका अतिरिक्त पानी निकालकर उसे सूजी और दही के साथ मिला लें। जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर इसका गाढ़ा लेकिन आसानी से फैलने वाला बैटर तैयार करें। इस मिश्रण को कुछ देर ढककर रखने से सूजी अच्छी तरह फूल जाती है और पैनकेक ज्यादा सॉफ्ट बनते हैं.
स्वाद बढ़ाने के लिए डालें सब्जियां
बैटर में बारीक कटी गाजर, शिमला मिर्च, प्याज, हरी धनिया और थोड़ा हरा मिर्च डाल सकते हैं। बच्चों के लिए बनाते समय मिर्च की मात्रा कम रखें. स्वाद के लिए नमक और हल्के मसाले मिलाए जा सकते हैं। अगर बैटर ज्यादा गाढ़ा लगे तो थोड़ा पानी डालकर इसकी कंसिस्टेंसी ठीक कर लें.
कम तेल में ऐसे पकाएं
नॉन-स्टिक तवे को हल्का गर्म करके उस पर थोड़ा तेल लगाएं। अब एक चम्मच या छोटी कलछी से बैटर डालकर गोल आकार में फैलाएं. पैनकेक को मध्यम आंच पर पकाएं और जब नीचे की तरफ हल्का सुनहरा रंग आने लगे तो पलट दें। दूसरी तरफ भी अच्छी तरह पकने के बाद इसे तवे से उतार लें.
बच्चों के टिफिन के लिए भी बढ़िया
इन पैनकेक को दही, हरी चटनी या टमाटर की हल्की चटनी के साथ परोसा जा सकता है. छोटे टुकड़ों में काटकर टिफिन में रखने पर बच्चे इन्हें आसानी से खा सकते हैं. पोहा, सूजी और दही का यह संयोजन रोजमर्रा के नाश्ते में स्वाद के साथ थोड़ी विविधता भी ला सकता है.