Food Recepie : सुबह का नाश्ता अगर हल्का, पौष्टिक और स्वादिष्ट हो तो पूरे दिन शरीर में ऊर्जा बनी रहती है. ऐसे में अगर आप रोज़ाना बेसन का ढोकला बनाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार सूजी और लौकी से तैयार होने वाला स्पंजी ढोकला ट्राई कर सकते हैं. यह रेसिपी स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी ध्यान रखती है। लौकी में भरपूर फाइबर और पानी होता है, जबकि सूजी इसे मुलायम और हल्का बनाती है। नारियल की चटनी के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
ढोकला बनाने के लिए सामग्री
1 कप सूजी, 1 कप कद्दूकस की हुई लौकी, आधा कप दही, 1 छोटा चम्मच अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, स्वादानुसार नमक, 1 छोटा चम्मच चीनी (वैकल्पिक), 1 छोटा चम्मच फ्रूट सॉल्ट या ईनो, 2 बड़े चम्मच पानी (जरूरत अनुसार).
तड़के के लिए:
1 बड़ा चम्मच तेल, 1 छोटा चम्मच राई, कुछ करी पत्ते, 2 हरी मिर्च लंबाई में कटी हुई, 1 कप पानी और 1 छोटा चम्मच चीनी.
बैटर तैयार करने का तरीका
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में सूजी, दही और कद्दूकस की हुई लौकी डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसमें अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, नमक और चाहें तो थोड़ा सा चीनी भी मिला दें। मिश्रण को 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए। अगर बैटर बहुत गाढ़ा लगे तो थोड़ा पानी मिलाकर मध्यम गाढ़ापन बना लें। स्टीम करने से ठीक पहले इसमें ईनो डालें और हल्के हाथ से मिला दें.
ऐसे करें स्टीम
एक चिकनी की हुई थाली या ढोकला प्लेट में तैयार बैटर डालें। पहले से गरम स्टीमर में इसे लगभग 20 से 25 मिनट तक पकाएं। पकने के बाद चाकू या टूथपिक डालकर जांच लें। अगर वह साफ बाहर निकल आए तो ढोकला तैयार है. थोड़ा ठंडा होने पर मनचाहे आकार में काट लें.
तड़का लगाने की विधि
एक पैन में तेल गरम करें. इसमें राई, करी पत्ते और हरी मिर्च डालकर हल्का भून लें। अब पानी और थोड़ा सा चीनी डालकर एक उबाल आने दें। तैयार तड़के को ढोकले के ऊपर समान रूप से डाल दें ताकि वह नरम और रसदार बना रहे.
नारियल की चटनी के साथ लें स्वाद
इस स्पंजी लौकी ढोकले को ताज़ी नारियल की चटनी या हरी धनिया-पुदीना चटनी के साथ परोसें. यह नाश्ते के अलावा शाम की हल्की भूख के लिए भी एक बेहतरीन विकल्प है। कम तेल में बनने वाली यह रेसिपी स्वाद और पोषण का अच्छा संतुलन देती है, जिसे बच्चे और बड़े दोनों पसंद कर सकते हैं.