Louki Dhokla : लौकी की सब्जी तो आपने कई बार खाई होगी, लेकिन क्या आपने कभी इससे बना ढोकला ट्राई किया है? अगर जवाब नहीं है तो इस बार लौकी से बनने वाली यह खास डिश जरूर बनाकर देखें. राजस्थानी अंदाज में तैयार किया गया लौकी का ढोकला स्वाद में अलग होने के साथ नाश्ते के लिए भी अच्छा विकल्प है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा मेहनत की जरूरत नहीं पड़ती.
बनाने के लिए चाहिए ये सामान
लौकी का ढोकला तैयार करने के लिए सबसे पहले ताजी लौकी लें। इसके अलावा बेसन, सूजी, दही, हरी मिर्च, अदरक, नमक और हल्के मसालों की जरूरत होगी. ढोकले को फुलाने के लिए ईनो या खाने वाला सोडा इस्तेमाल किया जा सकता है। ऊपर से स्वाद बढ़ाने के लिए राई, तिल, हरी धनिया और करी पत्ते का तड़का लगाया जा सकता है.
ऐसे तैयार करें मिश्रण
सबसे पहले लौकी को धोकर छील लें और बारीक कद्दूकस कर लें. अगर उसमें ज्यादा पानी है तो हल्का निचोड़ लें. अब एक बर्तन में बेसन और सूजी लें। इसमें दही, कद्दूकस की हुई लौकी, कटी हरी मिर्च, अदरक और स्वाद के अनुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार करें। इसे कुछ देर के लिए रख दें, ताकि सामग्री अच्छी तरह मिल जाए.
स्टीम करके बनाएं ढोकला
अब स्टीमर में पानी गर्म करें और एक थाली या मोल्ड को हल्का तेल लगाकर तैयार करें। घोल में ईनो या सोडा डालकर धीरे से मिलाएं और तुरंत मोल्ड में डाल दें. इसे मध्यम आंच पर करीब 15 से 20 मिनट तक भाप में पकाएं। पकने के बाद चाकू या टूथपिक से जांच लें। अगर वह साफ निकल आए तो ढोकला तैयार है.
तड़का लगाकर करें सर्व
ढोकले को थोड़ा ठंडा होने दें और फिर मनचाहे आकार में काट लें. एक छोटे पैन में तेल गर्म करके राई, तिल और करी पत्ता डालें। तड़का तैयार होने पर इसे ढोकले के ऊपर डाल दें। ऊपर से हरा धनिया डालकर इसे हरी चटनी या दही के साथ परोसें.
एक बार जरूर आजमाएं
अगर आप रोज के नाश्ते से कुछ अलग बनाना चाहते हैं तो राजस्थानी स्टाइल लौकी का ढोकला एक अच्छा विकल्प हो सकता है. कम मेहनत में तैयार होने वाली यह डिश स्वाद में भी कुछ अलग अनुभव देती है.