Rajasthani Besan Dubki Recipe : कई बार घर में सब्जियां खत्म हो जाती हैं और समझ नहीं आता कि खाने में क्या बनाया जाए. ऐसे में बेसन आपके काफी काम आ सकता है। राजस्थान की मशहूर बेसन डुबकी, जिसे कई जगह बेसन गुठला भी कहा जाता है, एक ऐसी देसी डिश है जो कम सामग्री में आसानी से तैयार हो जाती है। इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि इसे खाने के बाद हर कोई दोबारा बनाने की फरमाइश कर सकता है.
बेसन की डुबकी के लिए जरूरी सामग्री
इसे बनाने के लिए बेसन, दही, प्याज, टमाटर और कुछ सामान्य मसालों की जरूरत होती है. बेसन में नमक, लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर और थोड़ा सा अजवाइन मिलाकर मसालेदार मिश्रण तैयार किया जाता है। इसमें जरूरत के हिसाब से पानी डालकर गाढ़ा घोल बनाया जाता है.
ऐसे तैयार करें बेसन की डुबकी
सबसे पहले बेसन में मसाले और पानी डालकर अच्छी तरह फेंट लें. अब कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और बेसन के मिश्रण से छोटी-छोटी डुबकी या गुठले डालकर हल्का सुनहरा होने तक पकाएं। इन्हें अलग निकालकर रख दें. अब उसी कड़ाही में तेल डालकर जीरा, प्याज और टमाटर का मसाला तैयार करें। इसमें हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और अन्य पसंदीदा मसाले डालकर अच्छी तरह भूनें.
दही की ग्रेवी बनाएगी स्वाद खास
मसाला तैयार होने के बाद इसमें फेंटा हुआ दही डालें और लगातार चलाते रहें, ताकि दही फटे नहीं. इसके बाद जरूरत के अनुसार पानी डालकर ग्रेवी को उबालें। जब ग्रेवी अच्छी तरह पक जाए, तो इसमें तैयार बेसन की डुबकी डाल दें.
रोटी या चावल के साथ करें सर्व
डुबकी को कुछ मिनट धीमी आंच पर पकने दें, ताकि बेसन अच्छी तरह ग्रेवी का स्वाद सोख ले. ऊपर से हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें. गरमा-गरम बेसन डुबकी को रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसा जा सकता है. कम सामग्री में बनने वाली यह राजस्थानी डिश रोजमर्रा के खाने में स्वाद का बढ़िया बदलाव ला सकती है.