15 अगस्त : 15 अगस्त के खास मौके पर अगर आप घर में कुछ स्वादिष्ट और देशभक्ति के रंगों से सजा हुआ बनाना चाहते हैं, तो तिरंगा बर्फी एक बेहतरीन विकल्प है. यह मिठाई देखने में आकर्षक लगती है और इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी पड़ती. इसकी तीन परतें केसरिया, सफेद और हरे रंग में तैयार की जाती हैं.
तिरंगा बर्फी के लिए सामग्री
इसे बनाने के लिए करीब 2 कप मावा, आधा कप पिसी चीनी, 2 चम्मच घी और थोड़ा-सा इलायची पाउडर लें. केसरिया रंग के लिए केसर या खाने वाला नारंगी रंग, जबकि हरे रंग के लिए पिस्ता पाउडर या फूड कलर इस्तेमाल किया जा सकता है. स्वाद बढ़ाने के लिए बारीक कटे मेवे भी डाल सकते हैं.
सबसे पहले तैयार करें बर्फी का मिश्रण
कड़ाही में थोड़ा घी गर्म करके मावा डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं. जब मावा हल्का नरम होकर खुशबू देने लगे, तब गैस बंद कर दें. इसमें पिसी चीनी और इलायची पाउडर मिलाकर मिश्रण को अच्छी तरह एकसार करें.
तीन रंगों में बांटें
अब तैयार मिश्रण को तीन बराबर हिस्सों में बांट लें. एक हिस्से में केसरिया रंग, दूसरे हिस्से को बिना रंग के सफेद रखें और तीसरे हिस्से में हरा रंग या पिस्ता पाउडर मिलाएं। रंग अच्छी तरह मिलाएं ताकि हर हिस्सा एक जैसा दिखाई दे.
ऐसे लगाएं तिरंगे की परतें
एक ट्रे या प्लेट पर पहले हरे रंग का मिश्रण फैलाकर हल्के हाथ से दबाएं. इसके ऊपर सफेद परत लगाएं और अंत में केसरिया मिश्रण फैला दें. ऊपर से मेवे डालकर हल्का दबा सकते हैं। बर्फी को कुछ देर ठंडा होने दें और फिर मनचाहे आकार में काट लें.
15 अगस्त पर सजाएं और परोसे
तिरंगा बर्फी तैयार है. इसे प्लेट में खूबसूरती से सजाकर परिवार और मेहमानों को परोसें. कम सामग्री और आसान तरीके से बनने वाली यह मिठाई स्वतंत्रता दिवस के जश्न में मिठास के साथ देशभक्ति के रंग भी भर देगी.