Sabut Moong Dal : अगर आप नाश्ते में कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ सेहतमंद भी हो, तो साबुत मूंग को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं. मूंग प्रोटीन और फाइबर का अच्छा स्रोत मानी जाती है. इससे बने व्यंजन पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद कर सकते हैं. आइए जानते हैं साबुत मूंग से बनने वाली तीन आसान रेसिपी.
1. मूंग उत्तपम
सबसे पहले साबुत मूंग को कुछ घंटों के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद इसे पीसकर गाढ़ा घोल तैयार करें. इसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, धनिया और स्वादानुसार नमक मिलाएं। तवे पर थोड़ा तेल लगाकर घोल फैलाएं और दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें। इसे हरी चटनी या दही के साथ परोस सकते हैं.
2. स्प्राउट्स चाट
मूंग को भिगोकर अंकुरित कर लें। अब इसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर, खीरा और हरा धनिया मिलाएं. स्वाद बढ़ाने के लिए नींबू का रस, चाट मसाला और थोड़ा काला नमक डालें. यह झटपट तैयार होने वाला नाश्ता है और इसमें सब्जियों के कारण स्वाद के साथ पौष्टिकता भी बढ़ जाती है.
3. मूंग के अप्पे
भिगोई हुई मूंग को पीसकर घोल तैयार करें. इसमें सूजी, दही, नमक, हरी मिर्च और बारीक कटी सब्जियां मिला सकते हैं. अप्पे पैन में थोड़ा तेल डालकर मिश्रण भरें और धीमी आंच पर दोनों तरफ से अच्छी तरह पकाएं। इन्हें नारियल या हरी चटनी के साथ खाएं. इन तीनों रेसिपी को आप अपनी पसंद के मसालों और सब्जियों के साथ आसानी से बदल सकते हैं। रोजाना के नाश्ते में स्वाद और पौष्टिकता का संतुलन बनाने के लिए ये अच्छे विकल्प हो सकते हैं.