भोपाल में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। मास्टर इन मास कम्युनिकेशन के छात्र दिव्यांश चौकसे तीसरी मंजिल से नीचे गिर गए। बताया जा रहा है कि क्लास के ब्रेक के दौरान बालकनी की ओर जाते वक्त उनका पैर फिसल गया। गिरने से उन्हें सिर, सीने और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। छात्र की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्लास ब्रेक में बालकनी की ओर गया था छात्र
घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की है। दिव्यांश क्लास से ब्रेक लेकर बालकनी की ओर गया था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर पड़ा। गिरने की आवाज सुनकर आसपास के छात्र और स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती जांच में पता चला कि यह एक दुर्घटना थी, आत्महत्या का कोई मामला नहीं है।
सिर और सीने में गंभीर चोटें, हालत नाजुक
दिव्यांश को पहले पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उसके सिर और सीने में गहरी चोटें हैं। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं।
‘NCERT ज्ञान’ इंस्टाग्राम अकाउंट से पहचान
दिव्यांश सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव है। ‘NCERT ज्ञान’ नाम से उसका इंस्टाग्राम अकाउंट है, जिस पर पांच लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। छात्र शिक्षा संबंधी वीडियो और कंटेंट बनाता था, जिससे उसे काफी लोकप्रियता मिली थी। उसकी ऑनलाइन मौजूदगी के चलते घटना की खबर सोशल मीडिया पर भी तेजी से फैल गई।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बालकनी में लगभग साढ़े तीन फीट ऊंची रेलिंग है। शुरुआती जांच में यह हादसा पैर फिसलने से हुआ प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।