मुंबई की लोकल ट्रेन, जिसे शहर की लाइफलाइन कहा जाता है, एक बार फिर हिंसक घटना की वजह से सुर्खियों में है। शनिवार शाम मलाड रेलवे स्टेशन पर एक जूनियर कॉलेज के शिक्षक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर हुई, जहां अचानक अफरा-तफरी मच गई। लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकला। हालांकि पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कौन थे मृतक शिक्षक
मृतक की पहचान 33 वर्षीय आलोक कुमार सिंह के रूप में हुई है। आलोक मलाड इलाके में रहते थे और विलेपार्ले स्थित प्रसिद्ध नरसी मोनजी कॉलेज में गणित पढ़ाते थे। बताया जा रहा है कि आलोक के पिता अनिल कुमार सिंह केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की सुरक्षा टीम में तैनात हैं। आलोक की मौत की खबर से कॉलेज और इलाके में शोक की लहर फैल गई।
कैसे शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, आलोक कुमार सिंह शनिवार शाम करीब 5:30 बजे चर्चगेट-बोरिवली स्लो लोकल के जनरल डिब्बे में यात्रा कर रहे थे। जब ट्रेन मलाड स्टेशन पहुंचने वाली थी, तब गेट के पास खड़े होने और उतरने को लेकर आलोक और एक सहयात्री के बीच कहासुनी हो गई। शुरू में यह मामूली बहस थी, लेकिन कुछ ही पलों में बात हाथापाई तक पहुंच गई।
प्लेटफॉर्म पर हुआ हमला
जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर रुकी, आलोक नीचे उतरे। तभी आरोपी भी उनके पीछे उतर आया। गुस्से में आरोपी ने अपने पास छिपाकर रखा चाकू निकाला और आलोक के पेट पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से आलोक वहीं गिर पड़े और चारों तरफ खून फैल गया। यात्रियों में दहशत फैल गई।
इसे भी पढ़ें : गणतंत्र दिवस पर Akhilesh का बड़ा हमला, संविधान से बेरोजगारी तक उठाए सवाल, सरकार को घेरा
अस्पताल में तोड़ा दम
आलोक के साथ सफर कर रहे एक अन्य शिक्षक और मौके पर मौजूद जीआरपी जवानों ने तुरंत उन्हें कांदिवली के बाबासाहेब अंबेडकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने इलाज की कोशिश की, लेकिन अधिक खून बह जाने की वजह से आलोक की जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल पहुंचते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
इस मामले में पुलिस ने आरोपी की पहचान 27 वर्षीय ओमकार शिंदे के रूप में की है, जो धातु पॉलिश का काम करता है। उसे रविवार को कुरार इलाके से गिरफ्तार किया गया। सरकारी रेलवे पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर मुंबई लोकल में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।