Mamata Banerjee Arrives Delhi: पश्चिम बंगाल की राजनीति में बढ़ती हलचल के बीच तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी रविवार को दिल्ली रवाना हो गईं। उनका यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब पार्टी के भीतर असंतोष और संभावित टूट की चर्चाएं तेज हैं। दिल्ली में वह विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक की महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेंगी, साथ ही पार्टी सांसदों और नेताओं के साथ संगठनात्मक स्थिति पर भी चर्चा करेंगी।
INDIA ब्लॉक की बैठक
सूत्रों के अनुसार सोमवार को होने वाली INDIA ब्लॉक की बैठक से पहले टीएमसी के शीर्ष नेताओं की अलग बैठक भी प्रस्तावित है। इस दौरान संसद के दोनों सदनों में पार्टी की स्थिति, सांसदों की एकजुटता और संगठनात्मक चुनौतियों की समीक्षा की जाएगी। ममता बनर्जी के साथ राज्यसभा सांसद डोला सेन और वरिष्ठ लोकसभा सांसद कल्याण बनर्जी भी दिल्ली पहुंचे हैं।
विधायकों में बगावत के बाद बढ़ी नेतृत्व की चिंता
पार्टी के भीतर असंतोष की चर्चा तब और तेज हो गई जब हाल ही में बड़ी संख्या में विधायकों ने आधिकारिक विधायक दल से अलग राह अपनाई। रिपोर्टों के मुताबिक, निष्कासित नेता ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में एक अलग समूह ने विधानसभा में अपनी पहचान बनाई है। इसे पार्टी गठन के बाद से टीएमसी के लिए सबसे बड़ी राजनीतिक चुनौती माना जा रहा है।
यह भी देखेंःNEET UG re-exam released: NEET UG री-एग्जाम के लिए सिटी स्लिप जारी, अभ्यर्थी ऐसे कर सकते हैं डाउनलोड
सांसदों के टूटने की अटकलों पर नजर
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि कुछ असंतुष्ट नेता और सांसद संसद के भीतर भी अलग रुख अपना सकते हैं। ऐसे में ममता बनर्जी का यह दौरा पार्टी सांसदों को एकजुट रखने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व संभावित असंतोष को दूर करने और संगठन में संदेश देने की कोशिश करेगा कि टीएमसी अब भी एकजुट है।
चुनावी हार के बाद संगठन को मजबूत करने की कवायद
हालिया विधानसभा चुनाव में पार्टी के कमजोर प्रदर्शन के बाद कई नेताओं ने नेतृत्व शैली और संगठनात्मक फैसलों पर सवाल उठाए हैं। इसी पृष्ठभूमि में अभिषेक बनर्जी भी पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं। माना जा रहा है कि दिल्ली में होने वाली बैठकों में पार्टी के भविष्य, संगठनात्मक रणनीति और विपक्षी राजनीति में टीएमसी की भूमिका पर व्यापक चर्चा होगी। वर्तमान में लोकसभा में टीएमसी के 28 सांसद हैं और नेतृत्व किसी भी संभावित राजनीतिक नुकसान को रोकने के लिए सक्रिय दिखाई दे रहा है।