
हाल के दिनों में दहेज के चलते महिलाओं पर अत्याचार की घटनाओं में लगातार वृद्धि देखी जा रही है. हरियाणा के नूंह में एक महिला को डीजल डालकर जिंदा जलाने की खबर ने पूरे देश को झकझोर दिया. इसी तरह ग्रेटर नोएडा और जोधपुर में भी दहेज के कारण महिलाओं के साथ हिंसा की कई घटनाएं सामने आई हैं. इन घटनाओं पर पूर्व फिल्म अभिनेत्री और किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर ममता कुलकर्णी उर्फ यमाई ममतानंद गिरि ने गहरी चिंता जताई है. उनका कहना है कि आज की महिलाओं के लिए शादी एक बड़ा धोखा बन गई है. उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं को दहेज के लिए ससुराल में प्रताड़ित किया जाता है, उनके लिए अपनी बेटियों की शादी करने की हिम्मत जुटाना बहुत मुश्किल हो गया है.
'लड़कियां शादी से डर रही हैं'
ममता कुलकर्णी के अनुसार यही वजह है कि आज की लड़कियां शादी से डर रही हैं. वो सोचती हैं कि कहीं उनके साथ भी वही हाल न हो जाए. उन्होंने ग्रेटर नोएडा और जोधपुर की हालिया घटनाओं का भी जिक्र किया और इनसे होने वाले दर्द और डर पर दुख जताया. ममता ने इस मुद्दे पर सोशल मीडिया के जरिए भी आवाज उठाई. उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “भारत में आज भी हजारों महिलाएं रोज़ जल रही हैं. कलयुग में रक्तबीज ने दहेज के लालच से हमला किया है. क्या ऐसी महिलाएं अपनी बेटियों को शादी के लिए कह पाएंगी? शादी अब उनके लिए बड़ा धोखा बन गई है.”
ये भी पढ़ें : ‘Trump Tariff’ का असर: Bihar से America को 250 करोड़ का निर्यात खतरे में, मखाना-लीची और हस्तशिल्प पर मंडराया संकट
जोधपुर में भी सामने आया था मामला
बता दें कि जोधपुर जिले में एक स्कूल लेक्चरर ने शुक्रवार को अपनी तीन साल की बेटी के साथ खुद को आग लगा ली. इस घटना में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मां संजू बिश्नोई इलाज के दौरान शनिवार सुबह दम तोड़ गई. घटना के दौरान बरामद सुसाइड नोट से पता चला कि पीड़िता पर पति और ससुराल वालों की तरफ से दहेज के लिए लगातार दबाव डाला जा रहा था. बहरहाल इन घटनाओं से साफ है कि महिलाओं की सुरक्षा और दहेज प्रथा के खिलाफ कड़े कदम उठाना अब बेहद जरूरी है. ममता कुलकर्णी की चिंता दर्शाती है कि अगर समाज और सरकार सक्रिय रूप से कदम नहीं उठाएंगे, तो लड़कियों और महिलाओं की जिंदगी लगातार खतरे में रहेगी.