क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नौकरी के बकाया रुपये मांगने को लेकर एक युवक को कथित तौर पर घर से अगवा कर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने, अमानवीय व्यवहार करने और लूटपाट करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है।
करीब तीन माह तक नौकरी करता था
सदरपुर निवासी विपिन कुमार पुत्र मदन पाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह जमालपुर निवासी बॉबी पुत्र दिग्विजय सिंह तथा मोनी उर्फ तुषार के यहां लावड़ क्षेत्र में करीब तीन माह तक नौकरी करता था। पीड़ित का आरोप है कि उसकी नौकरी 24 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन पर तय हुई थी। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में आरोपियों ने वेतन देने में टालमटोल शुरू कर दी और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे।
लाख रुपये की धनराशि प्राप्त कर ली थी
विपिन के अनुसार लगातार हो रही परेशानी से तंग आकर उसने नौकरी छोड़ दी और अपने घर लौट आया। आरोप है कि नौकरी छोड़ते समय उसका सामान और कुछ दस्तावेज एक साथ रखे होने के कारण आरोपियों के तीन चेक भी गलती से उसके पास आ गए। पीड़ित का कहना है कि उसने कुछ दिन पहले उन चेकों को बैंक में प्रस्तुत कर एक लाख रुपये की धनराशि प्राप्त कर ली थी।
बहन के साथ भी मारपीट की गई
चेकों के कैश होने की जानकारी मिलते ही पिछले बुधवार को आरोपी भड़क उठे। पीड़ित का आरोप है कि बॉबी और मोनी अपने कुछ साथियों के साथ उसके घर पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया। विरोध करने पर आरोपियों ने विपिन को जबरन घर से उठा लिया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी बहन के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे एक सुनसान स्थान पर ले जाकर पूरी रात बंधक बनाए रखा। इस दौरान उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उसे गंभीर यातनाएं दी गईं। आरोपियों ने अमानवीयता की सारी सीमाएं पार करते हुए उसे जबरन अपना पेशाब पिलाया।
घर में रखे करीब 40 हजार रुपये नकद
विपिन ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसके परिवार को भी नहीं बख्शा। आरोप है कि आरोपी उसकी बहन की सोने की अंगूठी, घर में रखे करीब 40 हजार रुपये नकद तथा उसकी बेटी की चांदी की पायल भी अपने साथ ले गए। पीड़ित का कहना है कि रातभर प्रताड़ित करने के बाद आरोपी उसे गांव के बाहर फेंककर फरार हो गए और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। घायल अवस्था में घर पहुंचे विपिन को परिजनों ने संभाला और बाद में पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है तथा जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।