Bulandshahr News: पहासू कस्बे में दो दिन से लापता चल रहे 40 वर्षीय व्यक्ति का शव शुक्रवार तड़के उसके ही घर के बाहर सड़क पर पड़ा मिला। रात में गश्त कर रही पुलिस ने उसे सड़क किनारे सिसकती हालत में देखा और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहासू पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
10 हजार रुपये लेकर घर से गया था
जानकारी के अनुसार, कस्बा पहासू निवासी 40 वर्षीय गोपाल दो दिन पहले घर में किसी बात को लेकर परिजनों से विवाद होने के बाद करीब 10 हजार रुपये लेकर घर से चला गया था। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग सका था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
गुरुवार देर रात गश्त के दौरान पहासू थाना पुलिस को गोपाल अपने घर के बाहर सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा मिला। पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल सीएचसी पहासू पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। गोपाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटों समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पहासू थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।