Lakhimpur Kheri News: सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित चिल्ड्रेन एकेडमी स्कूल में सोमवार सुबह हुई गोलीबारी से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। स्कूल की पहली मंजिल पर हुई वारदात में एक महिला शिक्षिका और एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। अचानक गोलियों की आवाज गूंजने से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे सहम गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।
शिक्षिका को तंमचे से मारी गोली
पुलिस के मुताबिक घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक बाहरी युवक स्कूल के अंदर पहुंचा था। वह पहली मंजिल पर गया और वहां शिक्षिका को तमंचे से गोली मार दी। इसके बाद युवक ने खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि युवक स्कूल में किस उद्देश्य से पहुंचा था और शिक्षिका को निशाना बनाने के पीछे क्या कारण था, इसकी पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
स्कूल परिसर में मची अफरातफरी
गोली चलने की आवाज सुनकर स्कूल की अन्य शिक्षिकाएं कक्षाओं से बाहर निकल आईं। कुछ ही देर में स्कूल परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। बच्चों के बीच भी दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही अभिभावक स्कूल की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते स्कूल के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
अधिकारियों से घटना की जानकारी ली
सूचना पर पुलिस बल के साथ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। शहर कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि मौके पर जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग भी घटनास्थल पर पहुंचीं और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि गोलीबारी से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा सके।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक स्कूल में किस तरह दाखिल हुआ और उसके पास तमंचा कैसे पहुंचा। शिक्षिका और युवक के बीच किसी तरह का पूर्व परिचय या विवाद था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के साथ अन्य पहलुओं को जोड़कर घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट की जाएगी।
सुरक्षा को लेकर सवाल
घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। खासकर यह जांच महत्वपूर्ण होगी कि बाहरी व्यक्ति हथियार लेकर स्कूल परिसर की पहली मंजिल तक कैसे पहुंच गया। फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही वारदात के कारण और अन्य तथ्यों का खुलासा किया जा सकेगा।