मुजफ्फरनगर। पुरकाजी क्षेत्र के ग्राम नूर नगर में जमीन विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद के निपटारे को बुलाई गई।पंचायत में एक भाई ने गुस्से में लाइसेंसी राइफल से अपने भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी, भाई और उसके पुत्र को हिरासत में ले लिया है। एसएसपी समेत अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने इस मामले में मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार सोमवर तीन अगस्त को शाम करीब 6.30 बजे थाना पुरकाजी पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम नूरनगर में दो पक्षों के मध्य पैतृक भूमि के बंटवारे को लेकर आपसी विवाद में फायरिंग हो गयी है। सूचना पर थाना पुरकाजी पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची तथा घटनास्थल का निरीक्षण करते हुआ जानकारी की गयी तो ज्ञात हुआ कि दोनों पक्ष आपस में भाई हैं। पैतृक जमीन के बटवारे को लेकर हुए विवाद में अभि. दीपचंद पुत्र महेन्द्र सिंह द्वारा अपने भाई कृष्णपाल गुर्जर पुत्र महेन्द्र सिंह को गोली मार कर घायल कर दिया। थाना पुरकाजी पुलिस द्वारा घायल को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया जहाँ पर चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
थाना पुरकाजी पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए इस मामले में मुख्य अभियुक्त दीपचन्द व उसके पुत्र अंशुल को हिरासत में लिया गया है तथा मृतक के शव को पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही हेतु भेजा गया है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।उन्होंने बताया कि इस मामले में पुरकाजी पुलिस टीम द्वारा घटना के संबंध में साक्ष्य संकलन करते हुए अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।