उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कबीर नगर इलाके के एक कैफे में शुक्रवार रात कुछ बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक युवक की हत्या कर दी। मृतक की पहचान जनता मजदूर कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय फैजान उर्फ फज्जी के रूप में हुई है। वारदात के कुछ देर बाद आरोपी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर खुद को वारदात का जिम्मेदार बताया और पुलिस अब उसकी शिनाख्त और गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
बदमाशों ने फैजान पर 3 राउंड फायरिंग की
पुलिस ने बताया कि घटना वेलकम थाना इलाके की है। जहां शुक्रवार रात 10.28 बजे पुलिस को 'मिस्टर किंग लाउंज एंड कैफे' में गोलियां चलने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो फैजान वहां घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसे जीटीबी अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बदमाशों ने फैजान पर 3 राउंड फायरिंग की। एक गोली उसके सिर से आर-पार हो गई, जबकि 2 गोलियां उसके सीने पर लगीं। उसके हाथ में भी जख्म मिले हैं। परिजनों का आरोप है कि बदमाशों ने गोली मारने के साथ ही फैजान पर चाकू से भी हमला किया।
इंस्टाग्राम हैंडल से एक वीडियो अपलोड कर हत्या की जिम्मेदारी ली
मृतक के भाई सलमान ने आरोप लगाया कि फैजान से मोईन कुरैशी ने कुछ रुपये उधार लिए थे और पहले भी उसके साथ मारपीट हुई थी, जिसकी शिकायत थाने में दी गई थी। भाई का कहना है कि उसी रंजिश का नतीजा यह हत्या है। मामले में उस वक्त बड़ा ट्विस्ट आया जब आरोपी मोईन कुरैशी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से एक वीडियो अपलोड कर हत्या की जिम्मेदारी ली। वीडियो में मोईन ने दावा किया कि उसने फैजान की हत्या कर्ज के विवाद में नहीं बल्कि पुरानी रंजिश के चलते की है और इस मामले में उसके पिता का कोई हाथ नहीं है।
आरोपियों की तलाश जारी
वहीं, पुलिस ने वेलकम थाने में बीएनएस की धारा 103(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक फैजान उर्फ फज्जी के खिलाफ पहले स्नैचिंग का मामला दर्ज रहा है। वही, उसका एक भाई सट्टा भी चलाता है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।