Delhi News: मंडावली इलाके में बीती रात कहासुनी के बाद 22 वर्षीय युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान वंश डेढ़ा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, हमले में उसके शरीर पर चाकू के 17 घाव मिले। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू करते हुए एक आरोपी केशव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दूसरे साथी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश की जा रही है।
धारदार हथियार से कई बार हमला किया
पुलिस के अनुसार, रात करीब 7:54 बजे मंडावली थाने में चाकूबाजी की सूचना मिली। पुलिस टीम तत्काल ज्ञान वाटिका स्कूल के पास पहुंची। घायल वंश को मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकीय जांच में उसके शरीर पर 17 चाकू के घाव पाए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद करावल नगर निवासी 22 वर्षीय केशव कुमार अपने एक साथी के साथ वंश का पीछा करते हुए ज्ञान वाटिका स्कूल के पास पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने वहां वंश पर धारदार हथियार से कई बार हमला किया और इसके बाद मौके से फरार हो गए।
मोटरसाइकिल को पुलिस ने कब्ज में लिया
जांच के दौरान पुलिस ने केशव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए गए हैं। आरोपियों के इस्तेमाल में लाई गई मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी निगरानी के जरिए पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
मामले की जांच की जा रही
पुलिस ने दूसरे आरोपी की पहचान कर ली है और उसे पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।