
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के टड़ियावां थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां 32 साल में युवक रंजीत कुमार यादव ने अपनी पत्नी और एक पुलिस सिपाही के बीच अवैध संबंधों से परेशान होकर फांसी लगाकर जान दे दी. मृतक की पहचान हरिहरपुर गांव निवासी रंजीत कुमार के रूप में हुई है. यह मामला न केवल व्यक्तिगत विश्वासघात को दर्शाता है, बल्कि पुलिस विभाग के भीतर जवाबदेही की गंभीर कमी को भी उजागर करता है.
कहां और कैसे मिला शव?
रंजीत का शव टड़ियावां क्षेत्र की पुलिस चौकी के पास एक पेड़ से लटकता हुआ मिला. गांववालों ने पुलिस को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट बरामद किया.
सुसाइड नोट में क्या लिखा था?
सुसाइड नोट में रंजीत ने आरोप लगाया कि टड़ियावां थाने में तैनात सिपाही शेष कुमार यादव ने भैंस चोरी की शिकायत के बाद उनके घर आना-जाना शुरू किया. इस दौरान उसकी पत्नी से करीबी बढ़ा ली और दोनों के अवैध संबंध बन गए. रंजीत ने यह भी लिखा कि उसने दो दिन पहले दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया था और जब इसकी शिकायत पुलिस चौकी में की, तो उसे डांटकर भगा दिया गया. इतना ही नहीं रंजीत ने अपने घर की दीवार पर भी लाल रंग से यह बात लिखी कि उसकी मौत का जिम्मेदार सिपाही शेष कुमार यादव है.
परिवार ने शव नहीं उठाने दिया
घटना के बाद मृतक के परिवार वालों ने शव को पुलिस को सौंपने से इनकार कर दिया और आरोपी सिपाही पर सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे. जब एसपी नीरज जादौन मौके पर पहुंचे और उन्हें न्याय का भरोसा दिया, तब जाकर परिजन माने और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. मृतक के पिता सुरेश यादव की तहरीर पर पुलिस ने सिपाही शेष कुमार यादव के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में सिपाही ने रंजीत की पत्नी से संबंध होने की बात स्वीकार कर ली है. पुलिस ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया है.
एएसपी नृपेन्द्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.