दक्षिण-पश्चिम जिले की पुलिस ने यूपी के फिरोजाबाद की टूंडला पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में दो खतरनाक अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल पर हमला कर उसकी सरकारी पिस्तौल छीन ली थी। और फायरिंग करते हुए फिल्मी स्टाइल में फरार हो गए थे। आरोपी अविनाश उर्फ जानू और वसीम, जो दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों में लूट और झपटमारी की घटनाओं में संलिप्त थे, को विशेष छापेमारी के बाद दबोचा गया। अविनाश को फीरोजाबाद के थाना टुंडला क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया, जबकि वसीम को बाद में तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया
दिल्ली पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि घटना 22 जनवरी को हुई जब बीट ऑफिसर हेड कांस्टेबल राजकुमार गश्त पर थे। उन्हें पार्क के जंगल क्षेत्र में दो संदिग्ध व्यक्तियों के होने की सूचना मिली। जैसे ही पुलिसकर्मी उनसे पूछताछ कर रहे थे, आरोपियों ने उनपर अचानक हमला कर दिया। एक आरोपी ने हेड कांस्टेबल राजकुमार का पिस्तौल छीन ली और फायरिंग की, लेकिन पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। आरोपियों ने भागने के लिए जबरन एक मोटरसाइकिल पिस्तौल दिखाकर रोकी और फरार हो गए।
500 सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई
पुलिस ने एफआईआर नंबर 69/2026 के तहत विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान लगभग 500 सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई और तकनीकी निगरानी तथा स्थानीय खुफिया जानकारी का विश्लेषण किया गया। जांच में अविनाश की पहचान हुई, जो पहले दिल्ली में लूट और झपटमारी की घटनाओं में शामिल रहा है। छापेमारी के दौरान उसकी गतिविधियों का पता चला और 23 जनवरी को थाना टुंडला के राजा का ताल क्षेत्र में स्कूटर चलाते हुए उसे देखा गया। पुलिस ने रोकने का संकेत दिया, लेकिन आरोपी भागने के प्रयास में संतुलन खो बैठा और पुलिस टीम द्वारा की गई फायरिंग में घायल हुआ। घटना स्थल पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मोबाइल फोन और स्कूटर बरामद हुआ
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में अविनाश ने सफदरजंग एंक्लेव में हुई घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की और बताया कि उसने अपने साथी वसीम के साथ यह अपराध किया था। अविनाश के कब्जे से लूटी हुई सरकारी पिस्तौल, तीन खाली कारतूस, एक मोबाइल फोन और स्कूटर बरामद हुआ। उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि 23 जनवरी की रात वसीम को भी गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के माध्यम से हिरासत में लिया गया। अविनाश, 30 वर्ष, सावित्री नगर/छतरपुर का निवासी, पहले दिल्ली में 10 से अधिक लूट और झपटमारी मामलों में शामिल रहा है। वह नशे का आदी है और 3 साल के बेटे का पिता है।
मालवीय नगर में अपराधों में संलिप्त रहा
वसीम, 30 वर्ष, स्वामी नगर/मालवीय नगर का निवासी, पहले वसंत विहार और मालवीय नगर में अपराधों में संलिप्त रहा है और नशे का आदि है। बरामद सामान में लूटी हुई सरकारी पिस्तौल (9 मिमी), तीन खाली कारतूस, एक स्कूटर, एक मोबाइल फोन और एक अतिरिक्त खाली कारतूस शामिल हैं। इस कार्रवाई में एफआईआर 69/2026, थाना सफदरजंग एंक्लेव और थाना टुंडला, फीरोजाबाद (यूपी) में दर्ज मामला सुलझाया। आगे की जांच जारी है।